Operation Sindoor Timeline: आज ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ है. एक साल पहले भारतीय सेना ने पहलगाम हमले का बदला लिया था. इस मौके पर हम आपको इस ऑपरेशन की पूरी टाइमलाइन के बारे में बताएंगे.
6 May, 2026
आज से ठीक एक साल पहले जब पूरी दुनिया चैन से सो रही थी, तब भारतीय सेना ने आधी रात को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था. पाकिस्तान ने सोचा नहीं था कि भारतीय सैनिक पहलगाम हमले का बदला सर्जिकल स्ट्राइक करके लेंगे. 2025 में 6-7 मई की रात को भारत ने पाकिस्तान अधिकृत जम्मू -कश्मीर (Pok) में घुसकर केवल 23 मिनट में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया. इसके बाद जब दुश्मन पाकिस्तान ने जवाबी हमला किया तो, भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया. केवल तीन दिनों के अंदर पाकिस्तान ने घुटने टेक दिए थे. आज ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ है. इस मौके पर हम आपको इस ऑपरेशन की पूरी टाइमलाइन के बारे में बताएंगे.
23 मिनट में 9 आंतकी ठिकाने तबाह
22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के बाद पूरे देश का खून बदले के लिए खौल रहा था. भारत ने बदला लेने के लिए 6-7 मई की रात को ऑपरेशन सिंदूर को शुरू किया. रात के 1:05 बजे से 1:27 बजे तक भारतीय मिसाइलों ने 9 आंतकी ठिकानों को तबाह कर दिया, जिसमें सवाई नाला कैंप (मुजफ्फराबाद), सैयदना बेलाल कैंप (मुजफ्फराबाद),गुलपुर कैंप (कोटली),अब्बास कैंप (कोटली),बरनाला कैंप (भिम्बर),सरजल कैंप (सियालकोट), महमूना जोया कैंप (सियालकोट), मरकज़ तैयबा(मुरीदके), मरकज़ सुभान(बहावलपुर) शामिल हैं.

8 मई- पाकिस्तान ने 15 शहरों को निशाना बनाया
हमले से बौखलाए पाकिस्तान ने भारत पर गोलाबारी शुरू कर दी. 7-8 मई की रात पाकिस्तान ने अमृतसर, श्रीनगर, अंबाला और भुज सहित भारत के 15 शहरों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले शुरू किए. पाकिस्तान ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के पास ड्रोन और मिसाइल हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना के डिफेंस मिसाइल सिस्टम S-400 ने नाकाम कर दिया. पाकिस्तान ने कुपवाड़ा, पुंछ और राजौरी सेक्टरों में भारी गोलाबारी की. भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस दौरान कुल 16 नागरिक मारे गए और 59 घायल हुए.
8-9 मई की रात- ड्रोन से हमला
8-9 मई की रात को पाकिस्तान ने लेह से लेकर गुजरात तक 36 जगहों को निशाना बनाकर करीब 300 से 400 ड्रोन हमले किए. भारतीय डिफेंस मिसाइल सिस्टम S-400 ने ज्यादातर हमले नाकाम कर दिए. 8 मई को भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के 4 एयर डिफेंस सिस्टम पर हमला किया. इसके बदले में पाकिस्तान ने तंगधार, पुंछ, उरी, मेंढर, राजौरी, अखनूर और उधमपुर पर भारी हमले किए.
9 मई- पाकिस्तान के 11 एयरबेस तबाह
9 मई को पाकिस्तान के हमले और तेज हो गए थे. 9 मई को पाकिस्तान ने लड़ाकू विमान और भारी कैलिबर हथियारों से भारत की पश्चिमी सीमा पर 26 ठिकानों पर हमला किया. भारत ने अधिकांश हमलों को विफल कर दिया था, लेकिन पठानकोट,उधमपुर, आदमपुर और भुज वायु सेना के स्टेशन पर कर्मियों और उपकरणों को नुकसान हुआ था. पाकिस्तान ने श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन, मेडिकल सेंटर और अवंतीपुर के स्कूलों को भी निशाना बनाया. जवाब में भारतीय वायु सेना ने 11 पाकिस्तानी एयरबेस पर हमला किया और दावा किया कि उन्होंने पाकिस्तान एयर फोर्स के लगभग 20% एसेट्स को नष्ट कर दिया है.
10 मई – युद्धविराम

10 मई को हमले रुक गए, जब पाकिस्तान ने घुटने टेक दिए. पाकिस्तान के DGMO ने भारतीय DGMO को फोन करके युद्धविराम की मांग की, जिसे भारत ने मान लिया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ट्वीट के जरिए जानकारी दी कि US की मध्यस्थता में हुई लंबी रात की बातचीत के बाद, भारत और पाकिस्तान पूरी तरह से और तुरंत सीजफायर पर सहमत हो गए हैं. पाकिस्तान के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर और विदेश मंत्री इशाक डार ने ट्वीट किया कि पाकिस्तान और भारत तुरंत सीजफायर पर राजी हो गए हैं. इसके बाद विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ऑपरेशन सिंदूर पर एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर समझौते के लागू होने की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के DGMO ने आज दोपहर 3:35 बजे अपने भारतीय DGMO को फोन किया. बातचीत के दौरान, दोनों पक्ष शाम 5:00 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी मिलिट्री ऑपरेशन रोकने पर राजी हुए. लेकिन पीएम मोदी ने एक सबसे जरूरी बयान दिया- ऑपरेशन सिंदूर जारी है.
यह भी पढ़ें- बायोलॉजिकल जहर फैलाने का प्लान बना रहे थे ISIS के आतंकी, एक डॉक्टर समेत 3 के खिलाफ NIA की चार्जशीट
News Source: PTI
