Nitish Kumar Resigned: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने MLC पद से इस्तीफा दे दिया है और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है. दोनों को राज्यसभा के लिए चुना गया था.
30 March, 2026
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को राज्य विधान परिषद के सदस्य से इस्तीफा दे दिया है. उनके साथ बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है. दोनों दिग्गज नेता अब राज्यसभा जाने को तैयार हैं. JD(U) अध्यक्ष नीतीश कुमार 16 मार्च को संसद के ऊपरी सदन के लिए चुने गए थे. उम्मीद है कि नीतीश कुमार समेत सभी चुने हुए राज्यसभा सदस्य 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे.
नीतीश की नई पारी
20 साल से ज्यादा समय तक बिहार के मुख्यमंत्रीर रहने के बाद नीतीश कुमार अब अपनी नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं. नीतीश के इस्तीफे के बाद, नए मुख्यमंत्री के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव होने का संकेत है. उनके इस्तीफे से ठीक पहले रविवार शाम को पटना में मुख्यमंत्री आवास पर हलचल तेज हो गई थी. जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की. बैठक में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, विजय कुमार चौधरी और अशोक चौधरी जैसे वरिष्ठ नेता मौजूद थे.
20 सालों से विधायक रहे नबीन
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नवीन ने भी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. वे 2006 से लगातार बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद, वे अब राज्य की राजनीति से पूरी तरह केंद्र सरकार में आ गए हैं. बांकीपुर सीट के लिए भी अब उपचुनाव होगा.
सोमवार को नबीन ने एक्स पर लिखा, “आज, मैं बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से बिहार विधानसभा के चुने हुए सदस्य के पद से इस्तीफा दे रहा हूं. पिछले 20 सालों से, मैंने अपने स्वर्गीय पिता, नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा बनाए गए इस विधानसभा क्षेत्र को पूरी लगन से संवारने और विकसित करने की कोशिश की है. मैंने हमेशा अपने विधानसभा क्षेत्र और बिहार राज्य के विकास के लिए पूरी लगन से काम किया है. इसी का नतीजा है कि लोगों ने मुझे लगातार पांच बार विधानसभा के लिए अपना प्रतिनिधि चुनकर उनकी सेवा करने का मौका दिया.” नबीन ने कहा कि वह “पार्टी द्वारा मुझे दी गई नई भूमिका” में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए हमेशा समर्पित रहेंगे. “
यह भी पढ़ें-स्कूल से लेकर कोर्ट तक दहशत फैलाने वाला गिरफ्तार, मैसूर से पकड़ा गया, भेजे 1100 फर्जी ई-मेल
News Source: PTI
