Home Top News सम्राट मंत्रिमंडल में बड़ा उलटफेर! मंगल पांडे सहित इन मंत्रियों का कटा पत्ता, ‘सुपर 32’ में जगह नहीं

सम्राट मंत्रिमंडल में बड़ा उलटफेर! मंगल पांडे सहित इन मंत्रियों का कटा पत्ता, ‘सुपर 32’ में जगह नहीं

by Live Times
0 comment
Bihar Cabinet Expansion

Bihar Cabinet Expansion: सीएम नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल के हिस्सा रहे सीवान जिले के बीजेपी विधायक मंगल पांडे का मंत्री पद हट गया है. वे इस बार सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हो पाए हैं.

Bihar Cabinet Expansion: बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में बड़ा उलटफेर हुआ है. इसमें बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे मंगल पांडे समेत कई मंत्रियों का पत्ता कट चुका है. इसी के साथ गुरुवार को बिहार में पहली बार भाजपा के सीएम बने सम्राट चौधरी के नए मंत्रिमंडल का अब विस्तार भी हो चुका है.


जी हां, आज 7 मई को राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार सरकार के नवनियुक्त मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई केंद्रीय मंत्री, बिहार के दिग्गज नेता और हजारों की संख्या में आम जनता शामिल हुई. इस मौके पर पूर्व सीएम नीतीश कुमार के 51 वर्षीय बेटे निशांत कुमार सहित कुल 32 लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली है. निशांत पहली बार मंत्री बने हैं.

भाजपा और जदयू के कोटे से 15-15 मंत्री

पटना के गांधी मैदान में बिहार सरकार के नवनियुक्त मंत्रियों के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. इसमें एनडीए के सभी दलों से चुने गए कुल 32 नेताओं को प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन ने शपथ दिलाई. इन 32 मंत्रियों में 15 मंत्री भाजपा के और 13 जदयू के खाते से हैं. इसके अलावा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के संजय कुमार सिंह और संजय कुमार पासवान ने मंत्री पद की शपथ ली. वहीं, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा से संतोष कुमार सुमन और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपक प्रकाश भी मंत्री बनाए गए हैं.

यहां बता दें कि भाजपा और जदयू के कोटे से 15-15 मंत्री बने हैं, इनमें भाजपा के सभी 15 मंत्रियों और जदयू के 13 मंत्रियों ने गुरुवार को गांधी मैदान में शपथ ली, जबकि जदयू के खाते से अन्य दो नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बीते अप्रैल में सीएम सम्राट चौधरी के साथ लोकभवन में उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली थी.

मंगल पांडे सहित कुल 3 मंत्रियों का कटा पत्ता

सीएम नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल के हिस्सा रहे सीवान जिले के बीजेपी विधायक मंगल पांडे का मंत्री पद हट गया है. वे इस बार सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हो पाए हैं. वे सीएम नीतीश के कैबिनेट में स्वास्थ्य मंत्री रहे थे. इनके अलावा नारायण प्रसाद और सुरेंद्र मेहता का भी पत्ता कटा है, जिन्हें सम्राट मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है. नीतीश सरकार में नारायण प्रसाद आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री थे, जबकि सुरेंद्र मेहता डेयरी, मत्स्य और पशुधन मंत्री थे.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री रहे हैं मंगल पांडे

मंगल पांडे बिहार की राजनीति में भाजपा के एक कद्दावर नेता हैं. ये बिहार के सीवान जिला से अभी भाजपा के विधायक हैं. मंगल पांडे 2013 से 2017 तक बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं. इसके अलावा बिहार में नीतीश सरकार में ये स्वास्थ्य मंत्री और कानून मंत्री भी रहे हैं. अब उन्हें सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है. इससे मंगल पांडे को लेकर बिहार की राजनीतिक गलियारे में कई प्रकार की चर्चाएं भी हो रही हैं.

इन 32 लोगों ने ली मंत्री पद की शपथ

श्रवण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, निशांत कुमार, लेसी सिंह, राम कृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह टाइगर, अशोक चौधरी, भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, मदन सहनी, डॉ. संतोष कुमार सुमन, रमा निषाद, रत्नेश सादा, कुमार शैलेन्द्र, शीला कुमारी, केदार प्रसाद गुप्ता, लखेन्द्र कुमार रोशन, सुनील कुमार, श्रेयसी सिंह, मो. जमा खान, नंदकिशोर राम, शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, प्रमोद कुमार, श्वेता गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र पासवान, संजय कुमार सिंह, संजय कुमार और दीपक प्रकाश.

यह भी पढ़ें: सम्राट ब्रिगेड तैयार! निशांत कुमार समेत 32 मंत्रियों ने ली शपथ; मौजूद रहे PM मोदी और नीतीश

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?