Stock Market Today: महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर में 2.4 फीसदी, एनटीपीसी के शेयर में 1.46 फीसदी, कोटक बैंक शेयर में 1.18 फीसदी और टाटा स्टील शेयर में 0.70 फीसदी की तेजी दर्ज की गई.
Stock Market Today: पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने भारत सहित पूरे विश्व की मार्केट को प्रभावित किया है. हालांकि, ईरान-अमेरिका के बीच जारी टेंशन को कम करने को लेकर सकारात्मक खबर की भी चर्चा हो रही है. इस वजह से क्रूड ऑयल की कीमतों में आई तेजी में गिरावट भी दर्ज की गई.
स्ट्रे़ट ऑफ होमुर्ज को फिर से खुलने की संभावना से तेल कंपनियों के शेयरों में भी तेजी दिखी, लेकिन इस बीच भारतीय शेयर बाजार आज एक बार फिर से लाल निशान में बंद हुआ. बुधवार को सेंसेक्स और निफ्टी की तेज रफ्तार पर आज ब्रेक लग गया. स्टॉक मार्केट के दोनों एक्सचेंज सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई और ये लाल निशान में कारोबार करते हुए बंद हुए.
सेंसेक्स में 114 अंकों की गिरावट
सबसे पहले हम यहां बात भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स की करते हैं. स्टॉक एक्सचेंज की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 30 शेयरों वाले इस इंडेक्स में आज 0.15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है. बुधवार को सेंसेक्स 940 अंकों की बढ़त के साथ हरे निशान में 77,958 के आसपास बंद हुआ था और आज इसमें 114 अंकों की गिरावट देखी गई. बाजार बंद के दौरान सेंसेक्स 0.15 फीसदी की सुस्ती के साथ 77,844.52 पर कारोबार करते हुए दिखा. इसका आज का हाई 78,384.70 और लो 77,713.21 रहा.
30 शेयर वाले सेंसेक्स इंडेक्स के 11 शेयर हरे निशान में कारोबार करते हुए बंद हुए, जबकि 19 शेयर लाल निशान में बंद हुए. महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर में 2.4 फीसदी, एनटीपीसी के शेयर में 1.46 फीसदी, कोटक बैंक शेयर में 1.18 फीसदी और टाटा स्टील शेयर में 0.70 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. वहीं, आईसीआईसीआई बैंक शेयर 0.05 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक के शेयर 0.09% और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 0.15 फीसदी की गिरावट देखी गई.
0.02% टूटा निफ्टी
अब बात 50 शेयरों वाले निफ्टी की करते हैं. इसमें आज मार्केट बंद के दौरान मामूली सी गिरावट दर्ज की गई है. बुधवार को निफ्टी की क्लोजिंग 24,330.95 रही जो आज 0.02 फीसदी की गिरावट के साथ लाल निशान में 24,326.65 पर बंद हुआ. गुरुवार को बाजार की शुरुआत में निफ्टी 24,398.50 पर खुला. इसका आज का हाई 24,482.10 और लो 24,284 रहा. 50 शेयरों वाले इस इंडेक्स में 24 शेयर उछाल और 25 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि एक शेयर के बाद में मार्केट बंद के दौरान कोई बदलाव नहीं दिखा.
स्ट्रेट ऑफ होमुर्ज खोलने की बात
जानकार बताते हैं कि शेयर बाजार में आने वाले दिनों में पॉजिटिव बदलाव दिख सकते हैं. उनका मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव को कम करने की पहल शुरू कर दी गई है. जल्द ही ईरान और अमेरिका किसी बड़ी डील पर पहुंच सकते हैं. यहां बता दें कि अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान के खिलाफ यूएस के द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘एपिक फ्यूरी’ को खत्म करने की बात कही थी.

बीते बुधवार को प्रेसिडेंट ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट कर कहा, “यह मानते हुए कि ईरान सहमत शर्तों को मानने के लिए राजी हो जाता है, जो शायद एक बड़ी धारणा है, तो पहले से ही चर्चित ‘एपिक फ्यूरी’ का अंत हो जाएगा, और अत्यधिक प्रभावी नाकाबंदी के कारण स्ट्रेट ऑफ होमुर्ज ईरान सहित सभी के लिए खुला रहेगा.” उन्होंने आगे कहा, “अगर वे सहमत नहीं होते हैं तो बमबारी शुरू हो जाएगी और दुख की बात है कि यह पहले की तुलना में कहीं अधिक हाई लेवल पर और तेज होगी.”
यह भी पढ़ें: Rupee Vs Dollar: डॉलर के मुकाबले भारतीय करेंसी में 28 पैसे की टूट, 94.77 पर पहुंचा रुपया
