Himanta Biswa Sarma: आज हिमंता बिस्वा सरमा असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. इनके साथ राज्य के मंत्री के रूप में चार विधायक भी शपथ लेंगे. इनमें दो भाजपा के और एक-एक एजीपी और बीपीएफ से हैं.
Himanta Biswa Sarma: बीते दिनों असम की कुल 126 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव और उसके बाद 4 मई को आए नतीजों में भाजपा को बहुमत मिला. राज्य में बीजेपी लगातार तीसरी बार अपनी सरकार (एनडीए) बनाने जा रही है. इस दौरान खास बात यह है कि भारतीय जनता पार्टी के हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. यह भाजपा के पहले ऐसे सीएम होंगे, जो लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बनेंगे.
आज मंगलवार को असम में गुवाहाटी के वेटरनरी कॉलेज में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े 11 बजे से शपथ ग्रहण कार्यक्रम की शुरुआत हो जाएगी. प्रदेश के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य हिमंता बिस्वा सरमा को 11:40 बजे असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाएंगे. सरमा के साथ उनके एनडीए गठबंधन से 4 नेता भी मंत्री पद की शपथ लेंगे, जिनके नाम खुद हिमंता बिस्वा सरमा ने बता दिए हैं. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, कई राज्यों के मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद होंगे.
ये चार विधायक भी लेंगे शपथ
आज मंगलवार को हिमंता बिस्वा सरमा असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. इनके साथ राज्य के मंत्री के रूप में चार विधायक भी शपथ लेंगे. इनमें दो भाजपा के और एक-एक एनडीए के सहयोगी दल एजीपी और बीपीएफ से हैं. हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी देते हुए कहा, “यह घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही है कि मेरे निम्नलिखित चार सहयोगी कल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गरिमामय उपस्थिति में मेरे साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे.” उन्होंने जिन नेताओं का जिक्र किया है, उनके नाम हैं- रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नेओग.”
यहां बता दें कि अतुल बोरा, असम गण परिषद (एजीपी) के अध्यक्ष हैं, वहीं चरण बोरो बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के विधायक हैं. अजंता नेओग भाजपा से आते हैं, जो पिछली सरकार में भी मंत्री रहे थे. रामेश्वर तेली पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रहे हैं, जो इस साल के चुनाव में असम की राजनीति में वापस आए हैं.
हिमंता चुने गए थे विधायक दल के नेता
हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार असम के सीएम बनने जा रहे हैं. बीते दिनों एनडीए विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लग गई थी. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बताया था कि हिमंता बिस्वा सरमा को असम विधानसभा में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए का नेता चुना गया है. उन्होंने कहा था कि भाजपा के आठ विधायकों ने सरमा के नाम को विधायक दल के नेता के रूप में प्रस्तावित किया था. यहां बता दें कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को असम में मुख्यमंत्री के नाम और चयन की जिम्मेदारी दी गई थी. नड्डा केंद्रीय पर्यवेक्षक तो सैनी सह-पर्यवेक्षक बनाए गए थे.
जेपी नड्डा ने कहा था कि एनडीए गठबंधन में बीजेपी के सहयोगी दलों ने भी हिमंता बिस्वा सरमा को सीएम के रूप में समर्थन दिया. गठबंधन में भाजपा के सहयोगी दलों असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने भी सरमा के नामांकन का समर्थन किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें एनडीए के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुना गया.
बीजेपी के खाते में 82 सीटें
असम विधानसभा में कुल सीटों की संख्या 126 है. इनमें से सबसे अधिक सीट भाजपा को मिली. बीते 4 मई को आए असम विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी ने 82 सीटों पर जीत हासिल की. वहीं, कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली थी. भाजपा के सहयोगी दल Bodoland Peoples Front (BOPF) के खाते में 10 और Asom Gana Parishad (AGP) के भी खाते में 10 सीटें गईं. इनके अलावा All India United Democratic Front (AIUDF) ने 2 सीट, Raijor Dal (RJRD) ने भी दो सीट और ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने एक सीट पर जीत हासिल की थी.
यह भी पढ़ें: सिनेमा से सत्ता तक, कैसे मिली TVK को विजय, थलापति मॉडल के साथ इन फैक्टर्स ने बदला गेम
News Source: PTI
