Trump-Xi Meeting: अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड को लेकर भी कई सारे समझौते हो सकते हैं. व्हाइट हाउस ने एलन मस्क, टिम कुक, लैरी फिंक और केली ऑर्टबर्ग सहित दिग्गज सीईओ को ट्रंप की चीन यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है.
Trump-Xi Meeting: पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने दुनिया की अर्थव्यवस्था को काफी प्रभावित किया है. ईरान-अमेरिका के बीच जारी इस तनाव को खत्म करने की जो कुछ उम्मीदें थीं, वह ट्रंप के द्वारा तेहरान के शांति प्रस्ताव को ठुकरा देने के बाद और मुश्किल हो गई हैं. इस बीच अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप 13 मई से दो दिवसीय चीन की यात्रा पर जा रहे हैं. चीन जो ईरान का सपोर्ट करता रहा है, उसके साथ ट्रंप की आगामी मीटिंग पर पूरी दुनिया की नजर है. कुछ जानकारों का मानना है कि इन दोनों शीर्ष नेताओं के बीच कुछ बड़े कदम उठाने को लेकर वार्ता हो सकती है.
वहीं, चीन जाने से पहले राष्ट्रपति शी जिनपिंग से होने वाली मुलाकात और ईरान को लेकर ट्रंप ने अपनी बात कही है. उन्होंने सोमवार को कहा कि उन्हें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) के साथ अपनी मुलाकात से ‘बहुत कुछ’ हासिल करने की उम्मीद है.
ईरान से चीन के लिए कोई जहाज नहीं भेजा गया- ट्रंप
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि शी के साथ उनके महान संबंध हैं. उन्होंने इस महान संबंध का जिक्र करते हुए कहा कि ईरानी तेल पर चीन की निर्भरता के बावजूद ईरान से चीन के लिए कोई जहाज नहीं भेजा गया है.
ट्रंप ने कहा कि हम चीन के साथ बहुत पैसा कमा रहे हैं. राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं और मुझे लगता है कि आप इसे इस तथ्य से देख सकते हैं कि होर्मुज से उन्हें अपने तेल का एक बड़ा हिस्सा 40 प्रतिशत प्राप्त होता है.
ट्रंप ने पश्चिम एशिया में समुद्री रास्ते को लेकर कहा कि कोई जहाज अंदर नहीं आ रहे हैं. वे खतरनाक जहाज आ रहे हैं जिनसे हमारी झड़पें हुईं थी.
ट्रंप ने कहा,”शी जिनपिंग ऐसा नहीं चाहते. मैं आपको बता दूं, देखिए, मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं और उम्मीद है कि वह भी मेरा सम्मान करते हैं..”
13 से 15 मई तक ट्रंप का चीन दौरा
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 13 मई से चीन के दौरे पर जा रहे हैं. उनका यह दो दिवसीय दौरा 13 से 15 मई तक है. इस दौरान उनकी मुलाकात चीन के प्रेसिडेंट शी जिनपिंग से होने वाली है, जिसपर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हुई हैं.
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से 13 से 15 मई तक बीजिंग की अपनी यात्रा के संभावित परिणामों के बारे में पूछे जाने पर कहा, “राष्ट्रपति शी के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं. हम बहुत व्यापार कर रहे हैं, लेकिन यह समझदारी भरा व्यापार है.”
ट्रंप के प्रतिनिधिमंडल में ये दिग्गज होंगे शामिल
अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड को लेकर भी कई सारे समझौते हो सकते हैं. जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी मीडिया ने बताया कि व्हाइट हाउस ने एलन मस्क (टेस्ला), टिम कुक (एप्पल), लैरी फिंक (ब्लैकरॉक) और केली ऑर्टबर्ग (बोइंग) सहित शीर्ष सीईओ को ट्रंप की चीन यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है.
ट्रंप के प्रतिनिधिमंडल में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ होने वाली बैठकों में ब्लैकस्टोन के स्टीफन श्वार्जमैन, Cargill के ब्रायन साइक्स, सिटीग्रुप की जेन फ्रेजर, सिस्को के चक रॉबिन्स, कोहेरेंट के जिम एंडरसन, जीई एयरोस्पेस के एच लॉरेंस कल्प जूनियर और गोल्डमैन सैक्स के अन्य लोगों के शामिल होने की भी उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: हार पर भी जश्न मना रहा पाकिस्तान, शहबाज शरीफ ने 10 मई को घोषित किया ‘मारका-ए-हक डे’
News Source: PTI
