28 December 2023
संसद सुरक्षा में चूक मामले के आरोपियों को दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा वहा ले गई जहां वो इकठ्ठा हुए थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को उस दुकान पर ले जाया गया, जहां से उन्होंने 13 दिसंबर को झंडे खरीदे थे। इसके बाद उन्हें इंडिया गेट ले जाया गया, जहां वे सभी संसद में एंट्री करने से पहले इकठ्ठा हुये थे। खबर है कि आरोपियों को न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के महारानी बाग इलाके में भी ले जाया गया। बताया जा रहा है कि साजिश रचने के लिए उन्होंने यहां एक बैठक की थी।
आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस ने संसद सुरक्षा चूक मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ कड़े गैरकानूनी गतिविधी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी 5 जनवरी तक दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं।
गौरतलब है कि 13 दिसंबर, 2001 को संसद पर हुए आतंकवादी हमले की बरसी पर संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया था। इस दौरान 2 लोग शून्यकाल के दौरान दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गए थे, और नारे लगाते हुए एक ‘केन’ से पीली गैस छोड़ी। इसी दौरान अमोल शिंदे और नीलम आजाद ने संसद भवन परिसर के बाहर ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ का नारा लगाते हुए ‘केन’ से रंगीन गैस छोड़ी थी।
ये भी पढ़ें – भारत का भरोसेमंद हिंदी न्यूज़ चैनल – ब्रेकिंग और ट्रेंडिंग अपडेट्स तुरंत पाएं
