Suicide: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में प्रेमिका की मौत के बाद प्रेमी ने रेलवे ट्रैक पर जाकर जान दे दी. घटना अकराबाद थाना क्षेत्र के नगला पूसा गांव की है.
- अलीगढ़ से Ajay Kumar की रिपोर्ट
Suicide: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में प्रेमिका की मौत के बाद प्रेमी ने रेलवे ट्रैक पर जाकर जान दे दी. अकराबाद थाना क्षेत्र के नगला पूसा गांव में 20 वर्षीया प्रेमिका का शव बंद मकान के अंदर मिलने के बाद प्रेमी ने रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर अपनी जान दे दी. प्रेमी द्वारा रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर आत्महत्या किए जाने से पहले अपने भाई को भेजा गया एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक आत्महत्या से पहले रेलवे ट्रैक पर चहल कदमी करते नजर आ रहा है. युवक व युवती की मौत की सूचना पर इलाका पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस परिजनों से घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच में जुटी है.
जंगल में आग की तरह फैली मौत की खबर
प्रेमी और प्रेमिका द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर जंगल में लगी आग की तरह आसपास के क्षेत्र में फैल गई. युवती की रिश्तेदार कमलेश ने बताया कि उसके परिवार के सभी लोग अपने-अपने काम से बाहर चले गए थे. इस दौरान करीब 21 वर्षीय बेटी मंदिरा उर्फ चुनिया शुक्रवार को अपने घर से अकेली खुजली की दवा लेने के लिए गई थी. काफी देर होने के बाद भी लड़की जब घर वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोगों ने शाम 4:00 बजे उसकी तलाश शुरू कर दी. काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके कुछ देर बाद परिवार के लोगों को जानकारी हुई कि मंदिरा उर्फ चुनिया की लाश गांव के बाहर बंद पड़े एक मकान के अंदर पड़ी है. इस सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. परिजनों ने देखा कि उसके मुंह में कपड़ा ठूसा हुआ था और शरीर पर पहने हुए कपड़े फटे हुए थे.
आत्महत्या से पहले भाई से की थी बात
युवती के परिजनों ने बताया कि कुछ देर बाद ही यह जानकारी मिली कि उसके पड़ोसी युवक शशि कपूर ने भी रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या कर ली है. स्थानीय लोग दोनों की मौत को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं. मौके पर पहुंचे सीओ कमलेश कुमार ने बताया कि थाना अकराबाद क्षेत्र में 13 मार्च 2026 को नगला पूसा के एक व्यक्ति द्वारा अपनी 20 वर्षीय पुत्री को बहला फुसलाकर ले जाने के सम्बन्ध में अपने ही पड़ोसी युवक के विरुद्ध केस दर्ज करवाया था. उक्त केस में नामजद आरोपी शशि कपूर द्वारा 13 मार्च को भदेशी फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या कर ली गई थी. आत्महत्या से पूर्व उक्त युवक ने अपने भाई को फोन कर यह बताया था कि युवती की मृत्यु हो गई है, इसलिए मैं भी आत्महत्या कर रहा हूं. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजवा दिया है.
ये भी पढ़ेंः LPG का हाहाकार: केरल में 40% रेस्टोरेंट्स बंद, तमिलनाडु में 398 सिलेंडर जमा करने पर 2 गिरफ्तार
