10 FEB 2024
ओडिशा विधानसभा की 10 बार रह चुकीं हैं सदस्य
बीजू जनता दल यानी बीजद की वरिष्ठ नेता और ओडिशा विधानसभा की 10 बार सदस्य रह चुकीं वी सुगनना कुमारी देव का निधन हो गया है । वो 87 साल की थीं। अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दिन में उनसे अस्पताल में मुलाकात की थी। वो खलीकोट के पूर्व शाही परिवार की सदस्य थीं। ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कई अन्य गणमान्य लोगों ने देव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सीएम पटनायक ने जाहिर किया दुख
पटनायक ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वी सुगनना कुमार देव के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। वो बीजद की वरिष्ठ नेता थीं और उन्होंने पार्टी के लिए बहुत योगदान दिया। उन्होंने खलीकोट और कविसूर्यानगर दोनों क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर जन सेवा में अपनी अलग छाप छोड़ी। वो 10 बार विधानसभा के लिए चुनी गईं। उनका जाना एक अपूरणीय क्षति है। उनकी आत्मा को शांति मिले। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं।’’
कब-कब रहीं विधायक
देव पहली बार 1963 में ओडिशा विधानसभा के लिए चुनी गई थीं। वो खलीकोट से 8 बार और कविसूर्यनगर से 2 बार विधायक रहीं। वह 1963, 1974, 1977, 1985, 1990, 1995, 2000, 2004, 2009 और 2014 में विधायक चुनी गईं।
ये भी पढ़ें – भारत का भरोसेमंद हिंदी न्यूज़ चैनल – ब्रेकिंग और ट्रेंडिंग अपडेट्स तुरंत पाएं
