Sugar Price Hike: दिवाली आने वाली है और घरों में मिठाइयों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. लेकिन इस बार त्योहार की मिठास आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है. दरअसल, दिवाली से पहले चीनी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. सिर्फ 6 दिनों में चीनी के दाम 13 से 17 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं. त्योहारों के बीच बढ़ती मांग और बाजार में कम सप्लाई इसकी बड़ी वजह बताई जा रही है. हालात ऐसे हैं कि सरकार को भी चिंता सताने लगी है कि, कहीं दिवाली से पहले चीनी की कीमतों में एक और बड़ा उछाल न आ जाए.
कितनी महंगी हुई चीनी?
चीनी की कीमतों में सबसे ज्यादा तेजी उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में देखने को मिली है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 6 अक्टूबर को चीनी का एक्स-मिल रेट 4,600 रुपये प्रति क्विंटल था, जो 12 अक्टूबर को बढ़कर 5,200 रुपये हो गया. यानी कीमतों में करीब 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. वहीं, महाराष्ट्र में चीनी के दाम करीब 17 प्रतिशत बढ़कर 5,100 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गए हैं. हालांकि, ये मिल लेवल की कीमतें हैं. खुदरा बाजार में चीनी कितनी महंगी होगी, ये लोकल सप्लाई और दुकानदारों पर निर्भर करेगा.
CJP प्रदर्शन के कारण दिल्ली के बाजार बंद! खान मार्केट और CP के व्यापारियों को लाखों का नुकसान
क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
दिवाली के मौके पर मिठाइयों की मांग तेजी से बढ़ जाती है. हलवाई, मिठाई निर्माता और आम परिवार बड़ी मात्रा में चीनी खरीदते हैं. लेकिन इस बार बाजार में चीनी की डिमांड के मुकाबले कम बताई जा रही है. वहीं, चीनी की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार ने कई कदम उठाए हैं. सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी है. इसके अलावा जमाखोरी रोकने के लिए व्यापारियों पर स्टॉक रखने की सीमा लगाई गई है. बड़े उपभोक्ताओं को घरेलू खुले बाजार से चीनी खरीदने से भी रोका गया है. हालांकि, इन कदमों के बावजूद कीमतों में और तेजी आने की उम्मीद बनी हुई है.
गन्ना किसानों की मांग
दूसरी तरफ महाराष्ट्र और कर्नाटक में पर्याप्त तैयार गन्ना नहीं मिलने से चीनी मिलों में पेराई जल्दी शुरू करने की प्लानिंग प्रभावित हुई है. 12 अक्टूबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की. किसान बढ़ती लागत को देखते हुए गन्ने की कीमत बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. साथ ही चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 31 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलो करने की मांग भी उठी है. अब देखना होगा कि दिवाली से पहले सरकार चीनी की सप्लाई बढ़ाकर कीमतों पर कितना कंट्रोल कर पाती है.
News Source: ANI
रॉकेट की रफ्तार से बढ़ रही भारत की अर्थव्यवस्था, IMF ने 7 % GDP ग्रोथ रेट का अनुमान लगाया
