Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को एक बार फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिला. गुरुवार की शानदार तेजी के बाद निवेशकों को उम्मीद थी कि बाजार में रौनक बनी रहेगी, लेकिन शुरुआती कारोबार में ही तेजी गायब हो गई. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में पहुंच गए. हालांकि, बाजार की इस गिरावट के बीच आईटी कंपनियों के शेयरों ने निवेशकों को थोड़ी राहत जरूर दी.
सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट
शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान में हुई थी. सेंसेक्स 35.91 अंक चढ़कर 74,351.52 पर खुला. वहीं, निफ्टी 36.15 अंक की बढ़त के साथ 23,033.50 पर पहुंच गया. लेकिन ये खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी. कुछ ही देर के बाद बिकवाली बढ़ने लगी और बाजार नीचे फिसल गया. कारोबार के दौरान सेंसेक्स 147.37 अंक यानी 0.20 प्रतिशत गिरकर 74,168.24 पर पहुंच गया. वहीं, निफ्टी 20.65 अंक टूटकर 22,976.70 पर कारोबार करता दिखाई दिया. इस बीच 1,113 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1,467 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे.
IT शेयरों में दिखा जोश
बाजार में गिरावट के बावजूद आईटी सेक्टर ने शानदार प्रदर्शन किया. निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 1 प्रतिशत चढ़ गया. टेक महिंद्रा के शेयरों में 3.01 प्रतिशत की तेजी आई और ये 1,699.60 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, इंफोसिस का शेयर 2.03 प्रतिशत चढ़कर 1,132.50 रुपये पर कारोबार करता दिखाई दिया. टेक महिंद्रा के शानदार तिमाही नतीजों ने भी निवेशकों का उत्साह बढ़ाया. कंपनी का मुनाफा 32.7 प्रतिशत बढ़कर 1,585.6 करोड़ रुपये पहुंच गया. कंपनी ने 15 रुपये प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड और 1:1 बोनस शेयर देने की भी घोषणा की.
Dollar के सामने मजबूत हुआ रुपया, लगातार 5वें दिन चढ़ा भाव, 5 कारोबारी सत्रों में इतना हुआ मजबूत
बैंकिंग शेयरों में बिकवाली
शुक्रवार को बैंकिंग सेक्टर में कमजोरी देखने को मिली. निफ्टी बैंक इंडेक्स 0.45 प्रतिशत गिरकर 55,560.05 पर पहुंच गया. यस बैंक का शेयर 2.87 प्रतिशत टूटकर 17.60 रुपये पर आ गया. एचडीएफसी लाइफ में भी 2.19 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. वहीं, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स का शेयर 4.23 प्रतिशत गिरकर 5,593 रुपये पर पहुंच गया. इस बीच स्विगी के शेयर ने 228.70 रुपये का नया 52 वीक लो लेवल छुआ. डीमार्ट की पैरेंट कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स का शेयर भी 3,333.50 रुपये के 52 सप्ताह के लो लेवल तक पहुंच गया.
रुपये में मजबूती
शुक्रवार को भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 33 पैसे मजबूत होकर 94.72 पर खुला. उधर, एशियाई बाजारों में पॉजिटिव माहौल दिखाई दिया. दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 2.5 प्रतिशत और जापान का निक्केई लगभग 1.5 प्रतिशत चढ़ा. इससे पहले गुरुवार को शेयर बाजार में जबरदस्त खरीदारी हुई थी. सेंसेक्स 1,533.72 अंक उछलकर 74,315.61 पर बंद हुआ था. निफ्टी भी 374.65 अंक चढ़कर 22,997.35 पर पहुंच गया था.
News Source: ANI
Petrol पर बढ़ा टैक्स, डीज़ल को राहत! जानें आपकी जेब पर क्या पड़ेगा असर
