Delhi CJP Protest: देश की राजधानी दिल्ली में आज यानी शुक्रवार, 16 अक्टूबर को बड़े विरोध प्रदर्शन की तैयारी है. कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में शाम 5 बजे ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च निकालने का ऐलान किया है. इस प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है. राजधानी में करीब 32 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की तैयारी है. हालांकि, पुलिस ने बड़े मार्च की अनुमति नहीं दी है. अधिकारियों का कहना है कि कुछ चुनिंदा लोगों को किसी दूसरी उचित जगह पर तिरंगा मार्च निकालने की इजाजत दी जा सकती है.
32 हजार सुरक्षाकर्मी अलर्ट पर
दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. शुक्रवार को कनॉट प्लेस और मिडिल दिल्ली के आसपास दिल्ली पुलिस के 6 हजार से ज्यादा जवान तैनात किए जाएंगे. इसके अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के करीब 26 हजार जवान पहले से ही राजधानी में मौजूद हैं. अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के लिए CAPF की लगभग 220 कंपनियां लगाई गई हैं. पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शन में 30 हजार से 50 हजार लोग शामिल हो सकते हैं. भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को भी बुलाया जा सकता है.
कनॉट प्लेस में प्रदर्शन
CJP के संयोजक अभिजीत दीपके ने लोगों से शुक्रवार शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क पहुंचने की अपील की है. इस मार्च का नाम ‘लहरा दो तिरंगा’ रखा गया है. प्रदर्शनकारियों से राष्ट्रीय ध्वज लेकर आने को कहा गया है. CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है. इस विरोध प्रदर्शन में छात्र संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम आदमी पार्टी के समर्थकों के शामिल होने की संभावना जताई गई है. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने साफ कर दिया है कि कनॉट प्लेस में बड़े प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है.
16 और 17 तारीख को बंद रहेगा सेंट्रल पार्क
दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी और डीसीपी नेहा यादव के मुताबिक, कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू हैं. इसके अलावा नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने जानकारी दी है कि, सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को प्रशासनिक कारणों से बंद रहेगा. NDMC ने पुलिस से पार्क में बिना अनुमति प्रवेश रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था करने का अनुरोध भी किया है. पुलिस ने लोगों से ऐसे किसी भी आयोजन में शामिल नहीं होने की अपील की है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो.
क्यों बढ़ा विवाद?
दरअसल, CJP के सह संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद विवाद और बढ़ गया है. मंगलवार को दोनों को हिरासत में लिया गया था. बुधवार को उन्हें पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस के मुताबिक, सौरव दास, आशुतोष रांका, CJP के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे और 11 अन्य लोग बंद गेट को पार करके जंतर-मंतर परिसर में दाखिल हुए थे. पुलिस ने बाद में इन्हें एहतियातन गिरफ्तार करने की जानकारी दी. बुधवार को अजिंक्य शिंदे और 11 अन्य लोगों को रिहा कर दिया गया. वहीं, सौरव दास और रांका को न्यायिक हिरासत में भेजा गया. इसके बाद अभिजीत दीपके ने तिरंगा मार्च का ऐलान किया.
JNU Case: दिल्ली के लिए रवाना हुए कांग्रेस सांसद अकोइजम, पुलिस ने किया था तलब; बोले- चिंता न करें
लगाए गए अतिरिक्त CCTV कैमरे
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने सेंट्रल पार्क और राजीव चौक के आसपास 10 से ज्यादा अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए हैं. इन कैमरों की मदद से भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी. कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आईटीओ और संसद मार्ग के आसपास बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की गई है. गुरुवार शाम तक इन इलाकों में सड़कें बंद नहीं की गई थीं. हालांकि, शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था के कारण आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है.
दुकानदारों को सता रही चिंता?
कनॉट प्लेस दिल्ली के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल है. यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने और घूमने पहुंचते हैं. त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ और ज्यादा रहती है. ऐसे में व्यापारिक संगठनों ने पुलिस को पत्र लिखकर दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. व्यापारियों का कहना है कि बड़े प्रदर्शन से कारोबार प्रभावित हो सकता है. पुलिस ने भी आश्वासन दिया है कि सार्वजनिक और निजी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
कुछ लोगों को मिल सकती है अनुमति
दिल्ली पुलिस ने संकेत दिया है कि सीमित संख्या में प्रदर्शनकारियों को किसी दूसरी उपयुक्त जगह पर राष्ट्रीय ध्वज लहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति दी जा सकती है. हालांकि, इसके लिए नियमों का पालन करना जरूरी होगा. पुलिस ने ये भी कहा है कि राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाना चाहिए. प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
लोग रखें इन बातों का ध्यान
अगर आप शुक्रवार को कनॉट प्लेस, राजीव चौक, जंतर-मंतर या आसपास के इलाकों में जाने की योजना बना रहे हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखकर घर से निकलें. भारी पुलिस तैनाती और बैरिकेडिंग की वजह से कुछ रास्तों पर आवाजाही धीमी हो सकती है. हालांकि, किसी सड़क या मेट्रो स्टेशन के बंद होने की पुष्टि के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक एडवाइजरी देखना जरूरी है. फिलहाल सभी की नजरें शाम 5 बजे होने वाले मार्च और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं.
News Source: ANI
दिल्ली में CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले सख्ती, पुलिस बोली- कनॉट प्लेस से आम लोग रहें दूर
