Bengaluru Twin Daughters Death: बेंगलुरु से एक बहुत दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. दरअसल, शहर के वजराहल्ली इलाके में चार महीने की जुड़वां बेटियों की मौत के मामला दर्ज हुआ है. इस मामले में उनकी 40 साल की मां के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद महिला ने खुद की जान लेने की भी कोशिश की. मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू की पड़ताल कर रही है. पुलिस के मुताबिक, महिला उमा देवी अपने पति रामलिंगप्पा, चार महीने की जुड़वां बेटियों और सास के साथ रहती थीं. रामलिंगप्पा रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हुए हैं. शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी शादी साल 2002 में हुई थी. लंबे समय तक संतान न होने की वजह से पति-पत्नी ने IVF का सहारा लिया था. इलाज के बाद उमा देवी प्रेग्नेंट हुईं और 5 मई को उन्होंने जुड़वां बेटियों को जन्म दिया.
मां बनते ही बदल गईं उमा
परिवार के अनुसार, प्रसव के करीब डेढ़ महीने बाद उमा देवी के व्यवहार में बदलाव दिखाई देने लगा था. बताया गया कि वो बच्चों में रुचि कम लेने लगी थीं. कई बार उन्हें आश्रम में छोड़ने की बात करती थीं. परिवार ने उनके असामान्य व्यवहार को देखते हुए उनका मनोचिकित्सकीय इलाज भी कराया. पुलिस अधिकारी के अनुसार, डॉक्टरों ने परिवार को बताया था कि प्रसव के बाद होने वाले मानसिक तनाव, पोस्टपार्टम डिप्रेशन और हार्मोनल बदलावों की वजह से उमा के व्यवहार में परिवर्तन हो सकता है.
एक महीने की शादी, फिर खूनी अंजाम! बहन के प्रेम विवाह से नाराज भाइयों ने की युवक की चाकू मारकर हत्या
परिवार ने बचाई जान
1 सितंबर की दोपहर जब रामलिंगप्पा घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि उमा देवी ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया है. दरवाजा खोलने पर वो कथित तौर पर अपने गले में दुपट्टा डालकर आत्महत्या करने की कोशिश कर रही थीं. परिवार ने समय रहते उन्हें बचा लिया. इसी कमरे में उनकी 4 महीने की दोनों जुड़वां बेटियां मृत मिलीं. बच्चों को शंकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में डूबने से मौत की आशंका जताई. हालांकि, मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे की रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी. पति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उमा देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, यानी हत्या से संबंधित प्रावधान के तहत तालघट्टापुरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है. पुलिस अब घटना की पूरी परिस्थितियों और उपलब्ध सबूतों की जांच कर रही है.
News Source: PTI
रिश्तों की कहानी का हुआ खौफनाक अंत! भाभी से कथित संबंधों का विरोध करने पर पत्नी की हत्या?
