Punjab Honor Killing: पंजाब में लव मैरिज से नाराज दो भाइयों पर रविवार को अपने जीजा की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, कद्दगिल निवासी 22 वर्षीय जगजीत सिंह उर्फ जग्गा को तरनतारन में जसप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह ने घेर लिया. लड़की के दोनों भाइयों ने जगजीत सिंह पर चाकू से करीब 83 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इतना ही नहीं आरोपियों ने उसकी आंखों पर भी चाकू से हमला किया. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है.
लड़की मां ने मिलने के लिए बुलाया
दरअसल, मामला यह है कि जगजीत सिंह करीब डेढ़ महीने पहले जसप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह की बहन को लेकर भाग गया था. इसके बाद लड़की से उसने शादी कर ली. इसी बीच लड़की का परिवार इस शादी से नाराज था. पुलिस के मुताबिक, रविवार को लड़की की मां ने जगजीत सिंह को बस स्टैंड पर मिलने के लिए बुलाया और वहां पर दोनों आरोपी पहले से ही इंतजार कर रहे थे. वहीं, जगजीत जैसे ही बस स्टैंड के पास पहुंचा तो दोनों भाईयों ने मिलकर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पिता ही बना बेटे का कातिल! डॉक्टर के बहाने सुनसान जगह बुलाया, फिर साथी के साथ मिलकर कर दी हत्या
एक भाई भागने में सफल रहा
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जसप्रीत सिंह को पकड़ने में कामयाब रही, जबकि उसका दूसरा भाई वहां से भागने में सफल रहा. पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार भाई को पकड़ने की कोशिश जारी है.
डीजे का काम करता था मृतक
वहीं, मृतक के पिता तरसेम सिंह ने बताया कि उनका 22 वर्षीय बेटा डीजे का काम करता था. साथ ही वह ज्यादातर अपने ननिहाल गांव नौरंगाबाद में रहता था. इस दौरान उसका गांव की एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. युवती के परिवार वाले इस रिश्ते से नाराज थे. इसके बाद भी दोनों ने मिलकर परिवार के खिलाफ जाकर शादी कर ली.
News Source: PTI
