Nepal Flood Alert: नेपाल में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. मानसून की सक्रियता के बीच देश की कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. अब 3 प्रमुख नदियां अलर्ट लेवल को पार कर चुकी हैं. नेपाल के अधिकारियों ने मध्य, पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में रहने वाले लोगों से खास तौर पर सतर्क रहने की अपील की है. नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों की पहचान करने की सलाह दी गई है. नेपाल के मौसम विभाग के मुताबिक, 2 सितंबर की सुबह 6 बजे तक सिंधुली जिले की सन कोशी नदी, गोरखा की बूढ़ी गंडकी नदी और दादेलधुरा क्षेत्र की महाकाली नदी का जलस्तर अलर्ट लेवल से ऊपर पहुंच गया था. लगातार बारिश की वजह से इन नदियों में पानी का बहाव बढ़ने से बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है.
नेपाल में गंभीर स्थिति
स्थिति को और गंभीर बनाने वाली खबर मार्स्यांगदी नदी से सामने आई है. लामजुंग जिले की इस नदी ने भुकुंडेबेसी जलस्तर निगरानी केंद्र पर मंगलवार रात करीब 11:15 बजे खतरे का निशान पार कर लिया था. ताजा जानकारी के मुताबिक, नदी का जलस्तर अभी भी बढ़ रहा है. पानी के तेज बहाव को देखते हुए आसपास के इलाकों में बाढ़ की आशंका बनी हुई है. नेपाल की नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने खास तौर पर नदी के डाउनस्ट्रीम यानी निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने को कहा है. अधिकारियों का कहना है कि पानी का स्तर खतरे की सीमा पार कर चुका है. ऐसे में लोगों को किसी भी आपात स्थिति के लिए पहले से तैयार रहना चाहिए.
नेपाल फ्लैश फ्लड : गुजरात के 26 लोग मिसिंग, अमरेली के साधु सुरक्षित; 25 लोगों की तलाश जारी
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की है कि वो पानी के बढ़ते स्तर को हल्के में न लें. निचले इलाकों के निवासियों को विशेष सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगहों पर जाने की तैयारी रखने को कहा गया है. स्थानीय लोगों को अपने आसपास ऐसे सुरक्षित स्थानों की पहचान करने की सलाह दी गई है, जहां जलस्तर और बढ़ने की स्थिति में तुरंत पहुंचा जा सके. इन दिनों नेपाल के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय है. राजधानी काठमांडू समेत देश के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है. पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के बाद नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है. इससे बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का जोखिम भी बढ़ जाता है. फिलहाल प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है. लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम और बाढ़ से जुड़ी आधिकारिक चेतावनियों पर ध्यान दें और अफवाहों के बजाय प्रशासन की जानकारी का पालन करें. आने वाले दिनों में बारिश जारी रहने पर नदी किनारे बसे इलाकों में सतर्कता सबसे बड़ी जरूरत बनी रहेगी.
News Source: PTI
नेपाल में तबाही का पानी! 1003 मौतें, 8 जिलों में मिले शव; बारिश के बीच फिर जारी हुआ बाढ़ का अलर्ट
