Kundan Mehendi: शादी में दुल्हन के हाथों पर मेहंदी लगना एक खूबसूरत रस्म है. घंटों बैठकर बारीक डिजाइन बनवाना, फिर रंग गहरा होने का इंतजार करना. हर वक्त इस बात की चिंता कि कहीं मेहंदी फैल न जाए, ये सब लगभग हर दुल्हन की कहानी है. लेकिन अब ब्राइडल फैशन में एक ऐसा ट्रेंड दस्तक दे चुका है, जो इस पूरी तस्वीर को बदल रहा है. उस ट्रेंड का नाम है कुंदन मेहंदी. इसमें मेहंदी की जगह हाथों को कुंदन, मोती, क्रिस्टल और स्टोन्स से सजाया जाता है. दूर से देखने पर ये मेहंदी जैसा पैटर्न लगता है, लेकिन पास आते ही हाथ जूलरी की तरह चमकने लगते हैं.
क्या है कुंदन मेहंदी?
कुंदन मेहंदी दरअसल हैंड आर्ट और जूलरी का खूबसूरत कॉम्बिनेशन है. इसमें कुंदन स्टोन, मोती, क्रिस्टल और छोटी-छोटी सजावटी चीज़ों से हाथों पर डिजाइन बनाया जाता है. इन स्टोन्स को स्किन के लिए सेफ कॉस्मेटिक एडहेसिव की मदद से चिपकाया जाता है. कई डिजाइन ट्रेडिशनल मेहंदी जैसा होते हैं, तो कोई जूलरी पैटर्न से इंस्पायर होते हैं. सबसे खास बात ये है कि इसमें डिजाइन बनने के बाद आपको घंटों इंतजार नहीं करना पड़ता.

Gold Tops के ये नए डिजाइन हैं कुछ ज्यादा ही खूबसूरत, सूट से लेकर साड़ी तक हर लुक पर लगेंगे शानदार
क्यों पसंद आ रहा है ये ट्रेंड?
ट्रेडिशनल मेहंदी खूबसूरत जरूर होती है, लेकिन उसमें डिजाइन और रंग को लेकर ज्यादा ऑप्शन नहीं होते. कुंदन मेहंदी में दुल्हन अपनी पसंद के स्टोन, रंग और डिजाइन खुद चुन सकती है. दूसरी बड़ी वजह है इसकी फोटोजेनिक अपील. कुंदन और क्रिस्टल कैमरे की रोशनी पड़ते ही चमकने लगते हैं. इसके अलावा कुंदन मेहंदी लगाने में काफी कम समय लगता है. मिनिमल कुंदन मेहंदी को एक हाथ पर करीब 10 मिनट में तैयार किया जा सकता है.
ट्रेंड में हैं ये डिजाइन
अगर आप भी इस ट्रेंड को फॉलो करने की सोच रही हैं, तो डिजाइन के कई ऑप्शन हैं. आप कुंदन जाल, फ्लोरल डिजाइन, स्टेटमेंट मंडाला, पैसली, ब्रेसलेट डिजाइन, रिंग स्टाइल जैसे डिजाइन आसानी से बनवा सकती हैं. वैसे, कुंदन मेहंदी की खूबसूरती तब और बढ़ जाती है, जब इसे आपकी बाकी जूलरी के साथ मैच किया जाए. अगर आपका नेकलेस सफेद कुंदन या अनकट डायमंड टोन में है, तो हाथों पर भी उसी कलर के स्टोन्स लगाएं. वहीं, अगर जूलरी में पन्ना, रूबी या नीलम जैसे रंग हैं, तो वही शेड हाथों के डिजाइन में भी शामिल करें.

हर दुल्हन के लिए ऑप्शन
अगर आप उन लड़कियों में से हैं, जिन्हें मिनिमल लुक पसंद है तो, आपके लिए मोती और छोटे स्टोन्स वाला पैटर्न बढ़िया ऑप्शन है. वहीं, ग्लैमरस लुक पसंद करने वाली दुल्हन हाथों को पूरी तरह कुंदन और क्रिस्टल से सजा सकती है. पेस्टल लहंगे के साथ मोती और क्रिस्टल खूबसूरत लगेंगे. इसके अलावा लाल या डार्क कलर के लहंगे के साथ हरे, मैचिंग और गोल्डन स्टोन्स ज्यादा उभरकर आएंगे. वैसे देखा जाए तो, कुंदन मेहंदी सिर्फ नया ऑप्शन नहीं है. ये दुल्हन के हाथों को जूलरी की तरह स्टाइल करने का नया तरीका है. अगर आप चाहती हैं कि आपका ब्राइडल लुक थोड़ा अलग, ग्लैमरस और तस्वीरों में खास लगे, तो इस नए ट्रेंड को फॉलो कीजिए.
बेल मेहंदी के ये 6 सिंपल डिजाइन आपके हाथों को देंगे स्टाइलिश लुक, त्योहार पर सब करेंगे तारीफ
