UP Murder: कानपुर में दवा व्यापारी की फ्लैट के अंदर बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही काफी व्यापारी घर के पास इकट्ठा हो गए. रविवार को एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि इंदिरा नगर जैसे पॉश इलाके में रहने वाले 50 साल के दवा व्यापारी की उनके फ्लैट में गला रेतकर हत्या कर दी गई. पुलिस को शक है कि वारदात में उनके घरेलू नौकर और एक और साथी का हाथ हो सकता है. विनीत मनोचा शनिवार को रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट के अपने C-104 फ्लैट में खून से लथपथ हालत में पाए गए थे.
CCTV फुटेज में दिखे दो संदिग्ध
हत्या के समय वे घर पर अकेले थे, जबकि उनका बेटा सुब्रत अपनी पत्नी के साथ एक पार्टी में गया हुआ था. सुब्रत रात करीब 9.40 बजे घर से निकले थे और CCTV फुटेज में दो लोगों को उसके कुछ ही देर बाद यानी करीब 9.45 बजे अपार्टमेंट में घुसते और रात करीब 11.25 बजे बाहर निकलते देखा गया. अधिकारी ने बताया कि शक है कि वे लोग फ्लैट के अंदर विनीत के लौटने का इंतज़ार कर रहे थे, जो रात करीब 10.58 बजे लौटे. बाद में सुब्रत ने संदिग्धों में से एक की पहचान घर में काम करने वाले घरेलू नौकर के तौर पर की. अधिकारी ने बताया कि पुलिस को शक है कि घरेलू नौकर के मन में विनीत के प्रति कोई रंजिश हो सकती है, क्योंकि विनीत ने उसके काम को लेकर उसे डांटा था.
घरेलू नौकर पर शक
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घरेलू नौकर ने अकेले ही यह काम किया या किसी और के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने PTI को बताया कि सुब्रत सुबह करीब 4.30 बजे घर लौटे और अपने पिता का शव देखकर 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी. उन्होंने बताया कि फ़ोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने क्राइम सीन की जांच की और सबूत इकट्ठा किए, साथ ही हत्या में इस्तेमाल हथियार को बरामद करने की कोशिशें भी जारी हैं. CCTV फ़ुटेज एक अहम सुराग के तौर पर सामने आया है, क्योंकि सुब्रत के निकलने के कुछ ही देर बाद संदिग्ध अपार्टमेंट में दाखिल हुए और ऐसा लगा कि उन्हें फ़्लैट में आने-जाने की सुविधा थी.
जांच में जुटी पुलिस
रघुवीर लाल ने आगे कहा कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या उन्हें परिवार की गतिविधियों के बारे में पता था और क्या उनके पास चाबियां थीं. एडिशनल DCP (सेंट्रल) राजेश पांडे ने कहा कि संदिग्धों का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फ़्लैट से कोई कीमती सामान या अन्य चीज़ें गायब तो नहीं हैं. पांडे ने बताया कि सुब्रत की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले को जल्द सुलझाने के लिए पूरी लगन से काम कर रही है.
News Source: PTI
