India-Poland: भारत और पोलैंड ने रणनीतिक साझेदारी को नई गति देते हुए 2030 तक व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है. इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हैदराबाद हाउस में पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की. दोनों नेताओं ने भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय जोड़ते हुए महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा, हरित प्रौद्योगिकियों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की. बैठक में दोनों देशों ने साल 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लिए मिलकर काम करने का साझा संकल्प लिया. इसके साथ ही, भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को तेजी से आगे बढ़ाने के महत्व पर भी जोर दिया गया.
वैश्विक घटनाक्रमों पर भी हुई चर्चा
द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के अलावा दोनों प्रधानमंत्रियों ने प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया, जिससे दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंध और अधिक गहरे होंगे. साथ ही व्यापार, निवेश, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान के क्षेत्रों में संबंधों को और गहरा करने पर चर्चा की. दोनों नेता 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए. उन्होंने भारत-EU FTA के महत्व को बताया, जो व्यवसायों और उद्योगों के लिए नए अवसर खोलेगा और आर्थिक संबंधों को नई गति देगा. दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा किए.
दोनों देशों में सहयोग पर बनी बात
उन्होंने नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सहित वैश्विक संस्थानों में सुधार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया. उधर, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी पोलैंड के प्रधानमंत्री टस्क से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मिलकर खुशी हुई. भारत और पोलैंड के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने पर उनके विचारों की सराहना करता हूं. पोलैंड के प्रधानमंत्री टस्क बुधवार शाम को तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे. इस दौरे का उद्देश्य रक्षा, व्यापार और रणनीतिक क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना है.
प्रधानमंत्री के रूप में टस्क का भारत का दूसरा दौरा
हवाई अड्डे पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने उनका स्वागत किया. यह दौरा भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को नई गति देगा और हमारे पुराने संबंधों को और गहरा करेगा. प्रधानमंत्री टस्क के साथ पोलैंड के वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमांस्की और एक उच्चस्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी आया है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, पोलैंड के प्रधानमंत्री के रूप में टस्क का भारत का दूसरा दौरा है. इससे पहले वे 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे. दिल्ली में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद प्रधानमंत्री टस्क बेंगलुरु जाएंगे. वहां वे विभिन्न कॉर्पोरेट हितधारकों से बातचीत करेंगे, जिनमें सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और अंतरिक्ष क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल होंगे.
आतंकवाद पर UN की गलत रिपोर्ट पर भारत ने की आलोचना, दाऊद-पाकिस्तान का कनेक्शन छुपाया
News Source: ANI
