Cool Places in India: जुलाई का महीना आते ही देश के कई हिस्सों में उमस और गर्मी लोगों का हाल बेहाल कर देती है. ऐसे में हर किसी का मन किसी ऐसी जगह जाने का करता है, जहां ठंडी हवा चलें, बादलों के बीच चाय की चुस्कियां मिलें और मौसम इतना बढ़िया हो कि गर्म कपड़े पहनने का भी मन करे. अच्छी बात ये है कि भारत में ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं, जहां जुलाई में टेंपरेचर 25 डिग्री सेल्सियस या उससे भी कम रहता है. हालांकि मानसून की वजह से कुछ इलाकों में बारिश जरूर होती है, लेकिन सही प्लानिंग के साथ ये डेस्टिनेशन आपकी छुट्टियों को शानदार बना सकती हैं. अगर आप इस महीने फैमिली ट्रिप, दोस्तों के साथ छुट्टियां या सोलो ट्रैवल का प्लान बना रहे हैं, तो ये 10 डेस्टिनेशन आपकी छुट्टियों को यादगार बना सकती हैं.
माउंट आबू, राजस्थान
राजस्थान का नाम सुनते ही तेज धूप और गर्म हवाओं की याद आती है, लेकिन माउंट आबू इस सोच को पूरी तरह बदल देता है. अरावली की पहाड़ियों में बसा राजस्थान का इकलौता हिल स्टेशन जुलाई में हरियाली और बादलों से घिरा रहता है. यहां की सबसे पॉपुलर जगह है नक्की झील. इस झील में बोटिंग करते हुए पहाड़ों के खूबसूरत नजारे देखने का अलग ही मज़ा है. इसके अलावा यहां का दिलवाड़ा जैन मंदिर अपनी शानदार नक्काशी के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं. वहीं, अचलगढ़ किला हिस्ट्री लवर्स को खूब पसंद आता है. अगर मौसम साफ हो तो सनसेट पॉइंट से दिखाई देने वाला नजारा कैमरे में कैद करने लायक होता है. जुलाई में यहां का नॉर्मल टेंपरेचर करीब 25°C रहता है, जबकि रातें और भी ठंडी होती हैं.

मनाली, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश का मनाली हर मौसम में खूबसूरत लगता है, लेकिन जुलाई में यहां की हरियाली देखने लायक होती है. बारिश के बाद देवदार के जंगल और झरने और भी अट्रैक्टिव हो जाते हैं. यहां हिडिंबा देवी मंदिर, ओल्ड मनाली के कैफे, गर्म पानी के कुंड और अटल टनल से होकर सिस्सू तक की ड्राइव आपकी जर्नी को खास बना देगी. बारिश की वजह से ट्रैकिंग में थोड़ी परेशानी हो सकती है, लेकिन नेचर लवर्स के लिए ये मौसम किसी जन्नत से कम नहीं. जुलाई के महीने में यहां का टेंपरेचर लगभग 25°C रहता है.
चिकमगलूर, कर्नाटक
अगर आपको शांत माहौल, कॉफी एस्टेट और हरियाली पसंद है, तो कर्नाटक का चिकमगलूर आपके लिए परफेक्ट जगह है. मानसून के टाइम यहां के कॉफी बागान धुंध की चादर ओढ़ लेते हैं. हेब्बे फॉल्स, झारी वॉटरफॉल, बाबा बुदनगिरि हिल्स और हिरेकोलाले झील यहां के मेन टूरिस्ट स्पॉट हैं. यहां ठहरने के लिए कॉफी एस्टेट रिसॉर्ट्स सबसे बेहतरीन ऑप्शन हैं. यहां सुबह की शुरुआत ताजी फिल्टर कॉफी के साथ होती है. जुलाई में यहां का टेंपरेचर करीब 20°C रहता है, जो इसे सबसे ठंडे मॉनसून डेस्टिनेशन में शामिल करता है.
नैनीताल, उत्तराखंड
अगर आप दिल्ली या एनसीआर में रहते हैं और ज्यादा दूर नहीं जाना चाहते, तो नैनीताल आपके लिए बढ़िया जगह है. बच्चों की छुट्टियां खत्म होने की वजह से जुलाई में यहां भीड़ कम होती है. साथ ही यहां का मौसम बड़ा सुकून देने वाला रहता है. नैनी झील में बोटिंग, ठंडी सड़क पर शाम की सैर और तिब्बती मार्केट में शॉपिंग करके आपकी छुट्टियों खास बन जाती हैं. आसपास मौजूद भीमताल, सातताल और नौकुचियाताल भी घूमने लायक जगहें हैं. अगर आप नेचर लवर हैं, तो बिनसर वाइल्डलाइफ सेंचुरी भी जा सकते हैं. खाने के शौकीनों को यहां के आलू के गुटके, भट्ट की चुड़कानी, रस और सिंगौरी जैसी लोकल डिसेस भी हैं. वहीं, जुलाई के महीने में यहां का नॉर्मल टेंपरेचर लगभग 25°C रहता है.

कोडाईकनाल और ऊटी, तमिलनाडु
दक्षिण भारत की बात हो और ऊटी के साथ-साथ कोडाईकनाल का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. जुलाई में यहां हल्की बारिश, ठंडी हवाएं और धुंध से ढकी पहाड़ियां हर टूरिस्ट का दिल जीत लेती हैं. इस वक्त कोडाईकनाल का टेंपरेचर 19 से 23°C और ऊटी में 15 से 22°C के बीच रहता है. यहां आकर कोडाई झील में बोटिंग, कोकर्स वॉक, ब्रायंट पार्क और सिल्वर कैस्केड फॉल्स जरूर देखें. वहीं ऊटी में नीलगिरि माउंटेन रेलवे की सवारी, बोटैनिकल गार्डन, चाय के बागान और यहां की फेमस होममेड चॉकलेट्स आपकी छुट्टियों का मजा दोगुना कर देंगी.
गुलमर्ग, जम्मू-कश्मीर
अगर आप जुलाई में भी ठंडी हवाओं और खूबसूरत घास के मैदानों में घूमने का मज़ा लेना चाहते हैं, तो गुलमर्ग सबसे बेस्ट ऑप्शन है. सर्दियों में बर्फ से ढका रहने वाला गुलमर्ग जुलाई में रंग-बिरंगे जंगली फूलों और हरी-भरी वादियों से सज जाता है. जुलाई के महीने में गुलमर्ग का टेंपरेचर 10 से 18°C के बीच रहता है. वहीं, रात में ये 5°C के आसपास भी पहुंच सकता है. यहां गुलमर्ग गोंडोला राइड, स्ट्रॉबेरी वैली, अनमार्ग और अफरवात पीक टूरिस्ट्स के बीच बहुत पॉपुलर हैं. कई जगहों पर इस टाइम भी बर्फ के छोटे छोटे हिस्से देखने को मिल जाते हैं. यहां पहुंचकर कश्मीरी कहवा, वाज़वान और ताजी ट्राउट मछली का स्वाद लेना बिल्कुल न भूलें.
बारिश का जादू और बादल, भारत की 5 मैजिकल जगहें जहां Monsoon खुद बन जाता है एक खूबसूरत कहानी
स्पीति वैली, हिमाचल प्रदेश
अगर आपको एडवेंचर, पीस और नेचर तीनों का शानदार कॉम्बो चाहिए, तो स्पीति वैली से बेहतर जगह शायद ही कोई हो. हिमाचल प्रदेश का ये खूबसूरत इलाका मानसून के दौरान भी काफी हद तक सूखा रहता है, क्योंकि ये रेन शैडो क्षेत्र में है. यही वजह है कि जुलाई में भी यहां साफ आसमान, ठंडी हवा और पहाड़ों के खूबसूरत नज़ारे देखने को मिलते हैं. जुलाई के महीने में यहां दिन का टेंपरेचर लगभग 10 से 16 डिग्री सेल्सियस रहता है. वहीं, रात में पारा 4 डिग्री तक पहुंच सकता है. हालांकि, स्पीति पहुंचने वाले रास्ते, खासकर मनाली और कुंजुम पास की तरफ का इलाका, बारिश के दिनों में प्रभावित हो सकते हैं. वहीं, स्पीति पहुंचकर की मठ की स्प्रिचुअल शांति का एक्सपीरियंस करें. इसके बाद दुनिया के सबसे ऊंचे पुलों में शामिल चिचम ब्रिज का थ्रिल फील करें. लांगजा, हिक्किम और कोमिक जैसे ऊंचाई पर बसे गांव आपको बिल्कुल अलग दुनिया में ले जाएंगे. अगर मौसम और सड़कें साथ दें, तो चंद्रताल झील के किनारे एक रात बिताना जिंदगी का सबसे यादगार एक्सपीरियंस बन सकता है. यहां आकर थुकपा, गर्मागर्म मोमोज और हेल्दी सी-बकथॉर्न टी का मज़ा नहीं लिया, तो फिर क्या किया.

केदारनाथ, उत्तराखंड
अगर आप भोलेनाथ के दर्शन करने के साथ पहाड़ों की खूबसूरती का आनंद भी लेना चाहते हैं, तो केदारनाथ आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन है. जुलाई चारधाम के लिए बढ़िया टाइम होता है. यही वजह है कि इस टाइम यहां श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रहती है. इस बीच आसपास की घाटियां हरी-भरी हो जाती हैं और पूरा इलाका और सुंदर नजर आता है. लेकिन मानसून की वजह से भारी बारिश, लैंडस्लाइड और सड़क बंद होने जैसी प्रोब्लम भी सामने आ सकती हैं. ऐसे में यहां जाने से पहले मौसम की जानकारी और सरकारी एडवाइजरी पर नजर रखना जरूरी है. केदारनाथ मंदिर के दर्शन के साथ-साथ बर्फ से ढके पहाड़ और ठंडी हवा आपकी छुट्टियों को मज़ेदार बना देते हैं. जुलाई में यहां दिन का टेंपरेचर 9 से 14 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 3 से 9 डिग्री के बीच रहता है. इसलिए गर्म कपड़े साथ रखना बिल्कुल न भूलें.
लद्दाख
अगर भारत में किसी जगह का असली जादू जुलाई में देखने को मिलता है, तो वो है लद्दाख. इस टाइम यहां का मौसम सबसे बेहतरीन रहता है. आसमान साफ रहता है, सड़कें खुली रहती हैं और ऊंचे पहाड़ अपनी पूरी खूबसूरती के साथ नजर आते हैं. शुरुआत लेह से करें और बॉडी को ऊंचाई के हिसाब से ढलने का टाइम जरूर दें. इसके बाद पैंगोंग त्सो, नुब्रा वैली, त्सो मोरीरी झील, थिकसे मठ, हेमिस मठ और डिस्किट मठ जैसी जगहों की सैर करें. वैसे, लद्दाख सिर्फ खूबसूरत नजारों के लिए ही नहीं, बल्कि बाइक ट्रिप, फोटोग्राफी और एडवेंचर लवर्स के बीच भी बहुत पॉपुलर है. जुलाई में यहां दिन का टेंपरेचर 14 से 22°C और रात का तापमान 5 से 12°C के बीच रहता है.
ब्लू लैगून से लेकर शांत मंदिरों तक, ये हैं दुनिया की सबसे खूबसूरत और Peaceful Destinations
तवांग, अरुणाचल प्रदेश
अगर आप भीड़भाड़ से दूर किसी शांत और अलग डेस्टिनेशन की तलाश में हैं, तो अरुणाचल प्रदेश का तवांग आपके लिए बेस्ट जगह है. जुलाई में यहां हल्की बारिश और घना कोहरा देखने को मिलता है. जुलाई में यहां दिन का टेंपरेचर लगभग 17 से 25 डिग्री सेल्सियस और रात में 10 से 15 डिग्री के बीच रहता है. हालांकि, कभी-कभी लैंडस्लाइड की वजह से प्रोब्लम हो सकती है. यहां का सबसे बड़ा अट्रैक्शन तवांग मठ है, जो भारत के सबसे बड़े बौद्ध मठों में गिना जाता है. इसके अलावा तवांग वॉर मेमोरियल, नुरानंग वॉटरफॉल, संगेत्सर झील और बुम ला पास भी घूमने लायक जगहें हैं. बुम ला पास जाने के लिए लोकल परमिट और रजिस्टर्ड वहीकल की जरूरत होती है.

मशोबरा, हिमाचल प्रदेश
अगर आपको शिमला पसंद है लेकिन भीड़ से बचना चाहते हैं, तो मशोबरा जरूर जाएं. शिमला से कुछ ही दूरी पर बसा ये छोटा सा हिल स्टेशन मानसून में और भी खूबसूरत हो जाता है. जुलाई में यहां दिन का टेंपरेचर 22 से 27 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 14 से 20 डिग्री के बीच रहता है. बारिश के बाद यहां के देवदार के जंगल, पहाड़ और बादलों से ढकी वादियां किसी फिल्मी लोकेशन जैसी लगती हैं. यहां शिमला वॉटर कैचमेंट वाइल्डलाइफ सेंचुरी में ट्रेकिंग, क्रेगनानो नेचर पार्क की सैर और मौसम ठीक होने पर कुफरी तथा नालदेहरा की छोटी रोड ट्रिप का मज़ा लिया जा सकता है. जुलाई में यहां के सेब के बागानों में फल लगने शुरू हो जाते हैं. अगर आप जुलाई के आखिर या अगस्त की शुरुआत में जाएं, तो ताजे सेबों से लदे बगीचे देखने का मौका भी मिल सकता है.
जरूरी बातें
जुलाई मानसून का महीना है, इसलिए पहाड़ी इलाकों में जाने से पहले मौसम की जानकारी लेना ना भूलें. अपने साथ रेनकोट, छाता, वाटरप्रूफ जूते और हल्के गर्म कपड़े रखें. होटल और टैक्सी की बुकिंग पहले से कर लें, जिससे लास्ट टाइम में प्रोब्लम न हो. अगर आप ऊंचाई वाले इलाकों जैसे स्पीति या लद्दाख जा रहे हैं, तो पहले दिन आराम करें और बॉडी को मौसम के हिसाब से ढलने का टाइम दें.
Cultural Capital कहलाता है ये शहर? यहां की हर गली सुनाती है कला, साहित्य और इतिहास की कहानी
