Home Top News इंडोनेशिया में 10वीं शताब्दी के भव्य प्रंबानन मंदिर पहुंचे पीएम मोदी, ‘ॐ नमः शिवाय’ से गूंजा परिसर

इंडोनेशिया में 10वीं शताब्दी के भव्य प्रंबानन मंदिर पहुंचे पीएम मोदी, ‘ॐ नमः शिवाय’ से गूंजा परिसर

by Amit Dubey 8 July 2026, 12:21 PM IST (Updated 8 July 2026, 12:23 PM IST)
8 July 2026, 12:21 PM IST (Updated 8 July 2026, 12:23 PM IST)
PM Modi at Prambanan Temple

PM Modi at Prambanan Temple: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे का आज आखिरी दिन है. इसके बाद वे अपने 3 देशों की यात्रा के अगले चरण में ऑस्ट्रेलिया जाएंगे. ऑस्ट्रेलिया के बाद इस 6 दिवसीय दौरे में प्रधानमंत्री मोदी न्यूजीलैंड जाएंगे. आज इंडोनेशिया में प्रधानमंत्री मोदी ने वहां के भव्य और ऐतिहासिक प्रंबानन मंदिर का दौरा किया. वे इंडोनेशिया के प्रेसिडेंट के साथ हेलिकॉप्टर से यूनेस्को के विश्व धरोहर में शामिल इस मंदिर पहुंचे.

10वीं शताब्दी में बने इस भव्य शिव मंदिर में हेलिकॉप्टर से पहुंचने के एरियल व्यू के वीडियो को पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, “शानदार प्रंबानन मंदिर.” उसके बाद उन्होंने एक और वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “इंडोनेशिया के प्रम्बानन मंदिर में ॐ नमः शिवाय!” प्रधानमंत्री मोदी ने यहां पूजा-अर्चना भी की.

प्रंबानन मंदिर जीर्णोद्धार परियोजना का उद्घाटन

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ बुधवार को प्रंबानन मंदिर परिसर का दौरा किया. भारत और इंडोनेशिया ने एक दिन पहले भारत की सहायता से मंदिर परिसर के संरक्षण और जीर्णोद्धार की परियोजना शुरू करने के लिए आशय पत्र का आदान-प्रदान किया. प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति सुबियांतो ने धरोहर स्थल का दौरा किया और योग्याकार्ता में प्रंबानन मंदिर जीर्णोद्धार परियोजना का उद्घाटन किया.

इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर

इंडोनेशिया के इस मंदिर की बात करें तो प्रंबानन मंदिर परिसर योग्याकार्ता में स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है. योग्याकार्ता शहर से लगभग 17 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित यह सदियों पुराना मंदिर इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर माना जाता है. 10वीं शताब्दी में निर्मित, यह इंडोनेशिया में भगवान शिव को समर्पित सबसे बड़ा मंदिर परिसर है.

यूनेस्को की वेबसाइट के अनुसार, इन संकेंद्रित चौकों में से अंतिम के केंद्र के ऊपर तीन मंदिर हैं जो रामायण महाकाव्य को दर्शाने वाली नक्काशी से सुशोभित हैं, जो तीन महान हिंदू देवताओं (शिव, विष्णु और ब्रह्मा) को समर्पित हैं और तीन मंदिर उन पशुओं को समर्पित हैं जो उनकी सेवा करते हैं.

प्रधानमंत्री मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान

मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च सम्मान ‘बिंटांग आदिपूर्णा’ से सम्मानित किया गया. इसपर उन्होंने खास बात कही. मंगलवार को प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल पर पीएम मोदी के बयानों को लिखते हुए बताया गया, “आज सुबह, मुझे बहुत स्नेह के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान भी दिया गया है. ये सम्मान कोटि-कोटि भारतवासियों का है… इंडोनेशिया के लोगों की भावनाओं का है, भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक और आत्मीय संबंधों का है. मैं प्रेसिडेंट प्रबोवो जी, इंडोनेशिया की सरकार और यहां की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.”

प्रशांत क्षेत्र के 3 देशों की यात्रा पर पीएम मोदी, चीन की चुनौती के बीच कितना अहम दौरा?

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?