Home Latest News & Updates स्कूल में चार छात्रों ने सहपाठी को उतारा मौत के घाट, प्रिंसिपल से की थी नशे की शिकायत, नाराज थे आरोपी

स्कूल में चार छात्रों ने सहपाठी को उतारा मौत के घाट, प्रिंसिपल से की थी नशे की शिकायत, नाराज थे आरोपी

by Sanjay Kumar Srivastava 27 November 2026, 2:46 PM IST
27 November 2026, 2:46 PM IST
स्कूल में चार छात्रों ने सहपाठी को उतारा मौत के घाट, प्रिंसिपल से की थी नशे की शिकायत, नाराज थे आरोपी

Student Murder: झारखंड के चतरा जिले में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक सरकारी आवासीय विद्यालय में चार छात्रों ने मिलकर अपने ही एक सहपाठी की हत्या कर दी. हत्या की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जाता है कि चारों छात्र नशे के आदी थे. जब उसके सहपाठी ने इसकी शिकायत प्रिंसिपल से की तो नाराज होकर चारों ने सहपाठी की गला घोंटकर हत्या कर दी. सभी नाबालिग हैं.

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का मामला

चतरा प्रखंड के पेलतौल गांव स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में सातवीं कक्षा के छात्र रविकांत हेंब्रम (14) की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. 24 नवंबर को एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल के 7वीं कक्षा के एक छात्र का शव उसके हॉस्टल में मिला था. मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या की गई है. चतरा के सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDPO) सनी वर्धन ने बताया कि मामले की जांच में 14 से 16 साल की उम्र के चार सहपाठियों की संलिप्तता सामने आई है. SDPO ने बताया कि जांच से पता चला है कि आरोपी नशीले पदार्थ, सिगरेट और गुटखा का सेवन करते थे.

गमछे से घोंटा गला

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक छात्र ने कई बार स्कूल के प्रिंसिपल और हॉस्टल वार्डन से आरोपियों के बारे में शिकायत की थी. SDPO ने बताया कि इससे नाराज होकर चारों आरोपियों ने एक गमछे से गला घोंटकर सहपाठी की हत्या कर दी. उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए चार छात्रों में से तीन आठवीं कक्षा में हैं, जबकि एक सातवीं कक्षा में है. इस भयावह घटना ने आवासीय विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और उसके प्रबंधन के कामकाज के तरीकों में मौजूद कमियों को उजागर कर दिया है. पुलिस जांच से यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि स्कूल के छात्रावास में नशीले पदार्थ बेरोकटोक लाए जा रहे थे.

आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजा गया

मृतक के परिवार का आरोप है कि हॉस्टल में बाहर से नशीले पदार्थ जैसे शराब और खैनी लाए जा रहे थे, जिसका रविकांत ने विरोध किया था. इसी बात को लेकर उसका कुछ अन्य छात्रों के साथ विवाद हो गया था. उसके पिता राजेश हेम्ब्रम ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके बेटे ने फोन करके बताया था कि उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. लेकिन इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन ने उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए. राजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल चार नाबालिग छात्रों को पकड़ लिया है और उन्हें हजारीबाग के बाल सुधार गृह भेज दिया है.

चारों आरोपियों ने कबूला अपराध

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने कबूल किया है कि उन्होंने मिलकर इस अपराध को अंजाम दिया. सभी आरोपी सातवीं कक्षा के छात्र हैं और रविकांत के सहपाठी हैं. इस बीच, जैसे ही छात्र की मौत की खबर फैली. आदिवासी समुदाय के लोग इकट्ठा हो गए और स्कूल के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच की मांग की.

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय क्या है?

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा शुरू की गई एक महत्वाकांक्षी पहल है. इसका मुख्य उद्देश्य देश के दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले अनुसूचित जनजाति (ST) के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान करना है.

एकलव्य विद्यालयों की मुख्य विशेषताएं

आवासीय सुविधाएं और मुफ्त शिक्षा: ये विद्यालय पूरी तरह से आवासीय हैं (इनमें हॉस्टल की सुविधा है) और यहां कक्षा 6 से 12 तक की शिक्षा दी जाती है. सरकार रहने, खाने, किताबों, यूनिफॉर्म और पढ़ाई-लिखाई सहित सभी खर्च उठाती है. इन विद्यालयों को ‘जवाहर नवोदय विद्यालयों’ के पैटर्न पर तैयार किया गया है, जिनमें आधुनिक शिक्षा, खेल-कूद और कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) पर विशेष ध्यान दिया जाता है. इन स्कूलों में प्रवेश एक प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होता है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि योग्य और प्रतिभाशाली आदिवासी बच्चों को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले.

रोहतक के ढाबे पर खूनी गैंगवार : खाना खा रहे 4 लोगों की अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या, दहशत

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?