Home Top News बांग्लादेश में लॉकडाउन पर सुरक्षा कड़ी, गोपालगंज में अर्धसैनिक बल तैनात, ट्रेन सेवाएं रोकी गईं

बांग्लादेश में लॉकडाउन पर सुरक्षा कड़ी, गोपालगंज में अर्धसैनिक बल तैनात, ट्रेन सेवाएं रोकी गईं

by Sanjay Kumar Srivastava 27 November 2026, 5:59 PM IST
27 November 2026, 5:59 PM IST
बांग्लादेश में लॉकडाउन पर सुरक्षा कड़ी, गोपालगंज में अर्धसैनिक बल तैनात, मोबाइल बैंकिंग और ट्रेन सेवाएं रोकी गईं

Bangladesh News: शेख हसीना की अवामी लीग द्वारा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए देश में 29 और 30 नवंबर को लॉकडाउन की घोषणा को देखते हुए पूरे बांग्लादेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रशासन ने हसीना के गृह जिले में ‘बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश’ (BGB) की 56 प्लाटून तैनात की है, जिनके पास बॉडी-वर्न कैमरे और ड्रोन हैं. बांग्लादेश के अधिकारियों ने शुक्रवार से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में मोबाइल बैंकिंग सेवा पर रोक लगा दी है. यह कदम उनके देश लौटने की योजना को लेकर बढ़ रही राजनीतिक अशांति के बीच उठाया गया है.

हसीना की वापसी की घोषणा से बढ़ी अशांति

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा कारणों के चलते 15 नवंबर से लगाई गई ट्रेन सेवाओं की रोक भी अनिश्चित काल के लिए बढ़ा दी गई है. हसीना के 16 दिसंबर को भारत से वापस लौटने की घोषणा के बाद देश में अशांति फैल गई है, जबकि उन पर मौत की सजा का मामला भी लंबित है. गोपालगंज में 15 नवंबर को पहली बार विरोध प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं. दो दिन बाद पुलिस द्वारा अवामी लीग के दर्जनों संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए. इन लोगों ने हसीना के गृहनगर तुंगीपाड़ा में एक पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया था. प्रदर्शनकारियों ने जिले में सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के सांसदों के घरों में भी आग लगा दी.

गोपालगंज में बैंकिंग सेवा पर रोक

गृह मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि हाल ही में कुछ असामान्य लेन-देन होने के कारण गोपालगंज में मोबाइल वित्तीय सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है. स्थिति सामान्य होने पर इस रोक को हटा लिया जाएगा. लोक प्रशासन राज्य मंत्री अब्दुल बारी ने गुरुवार को कहा कि जैसे-जैसे हालात थोड़े और बेहतर होंगे, चीजें सामान्य होने लगेंगी. ज़्यादातर लोग निजी ‘बी-कैश’ (bKash) MFS सेवा का इस्तेमाल करते हैं, जबकि ऐसा लगता है कि दुनिया में कहीं भी रहने वाला कोई भी व्यक्ति, जिसके राष्ट्रीय पहचान पत्र (नेशनल ID) पर गोपालगंज का पता है, उसे मोबाइल बैंकिंग सेवाओं से वंचित कर दिया गया है.

उन्होंने बताया कि किसी भी नई हिंसा को रोकने के लिए प्रशासन ने जिले में ‘बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश’ (BGB) की 56 प्लाटून तैनात की हैं. बांग्लादेश बैंक के प्रवक्ता और कार्यकारी निदेशक आरिफ हुसैन खान ने कहा कि कानून MFS प्रदाताओं को संदिग्ध लेन-देन में शामिल किसी भी व्यक्ति का खाता निलंबित करने की अनुमति देता है. उन्होंने गोपालगंज में इसी नियम के आधार पर कार्रवाई की है. हसीना की ‘अवामी लीग’ के एक स्थानीय नेता हैदर हुसैन ने कहा कि सरकार हमारे जीवन को मुश्किल बनाने की कोशिश कर रही है.

ढाका सहित छह जिलों में 113 प्लाटून अर्धसैनिक बल तैनात

गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक प्रत्युष कुमार मजूमदार ने बताया कि नुकसान के कारण स्टेशन परिसर से कामकाज नहीं हो पा रहा है. बांग्लादेश के अन्य हिस्सों में अशांति फैलने के बीच BGB ने शुक्रवार को बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कल रात ढाका और छह अन्य जिलों में अर्धसैनिक बलों की 113 प्लाटून तैनात की गई है. अवामी लीग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए 29 और 30 नवंबर को लॉकडाउन का कार्यक्रम चला रही है, जिससे तनाव और बढ़ने की चिंता पैदा हो गई है. अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए विद्रोह के बाद अपनी सरकार गिरने पर हसीना ढाका से भागकर भारत आ गई थीं और तब से यहीं रह रही हैं.

बांग्लादेश में बढ़ा तनाव : शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव सहित तीन गिरफ्तार, सुरक्षा कड़ी

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?