Home Top News लोकसभा में 850 सांसद, महिलाओं को 33% आरक्षण! 2029 से पहले बदलेगा देश का सियासी नक्शा?

लोकसभा में 850 सांसद, महिलाओं को 33% आरक्षण! 2029 से पहले बदलेगा देश का सियासी नक्शा?

by Preeti Pal 28 November 2026, 9:32 AM IST
28 November 2026, 9:32 AM IST
लोकसभा में होंगे 850 सांसद, महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण! 2029 से पहले बदल जाएगा देश का सियासी नक्शा?

Delimitation Bill 2026: देश की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. दरअसल, संसद से लेकर विधानसभा तक सीटों का गणित बदलने की तैयारी है. केंद्र सरकार ऐसा प्रस्ताव लेकर आ रही है, जिसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 और राज्यों की विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 तक हो सकती है. इतना ही नहीं, महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की तैयारी भी तेज हो गई है. सरकार चाहती है कि ये बदलाव 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू हो जाएं. अगर प्रस्तावित बिल संसद से पास हो जाते हैं, तो देश का चुनावी नक्शा काफी हद तक बदल सकता है.

बढ़ जाएंगी सीटें

केंद्रीय कैबिनेट ने 27 नवंबर को इस बड़े बदलाव से जुड़े तीन विधेयकों को मंजूरी दी है. प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की मौजूदा अधिकतम सीमा 550 से बढ़ाकर 850 की जाएगी. वहीं, राज्यों की विधानसभाओं में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है. यहां एक बात समझना जरूरी है कि 850 लोकसभा की प्रस्तावित अधिकतम क्षमता है. इसका मतलब ये नहीं कि अगले चुनाव में सीधे 850 सांसद चुनकर आ जाएंगे. सीटों का वास्तविक बंटवारा परिसीमन की प्रक्रिया के बाद तय होगा.

महिलाओं के लिए नया रास्ता

इस प्रस्ताव का सबसे अहम हिस्सा महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण है. यानी लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में करीब एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने की योजना है. इसमें अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीटों में महिलाओं का कोटा भी शामिल होगा. प्रस्ताव के अनुसार, महिला आरक्षण 15 साल तक लागू रहेगा. इस दौरान आरक्षित सीटों को समय-समय पर बदला भी जाएगा. सरकार का मकसद है कि 2029 के लोकसभा चुनाव तक महिलाओं को राजनीति में ज्यादा प्रतिनिधित्व देने का रास्ता तैयार हो जाए.

बांग्लादेश में लॉकडाउन पर सुरक्षा कड़ी, गोपालगंज में अर्धसैनिक बल तैनात, ट्रेन सेवाएं रोकी गईं

जनगणना से बदलेगा नक्शा

अब सवाल है कि आखिर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की नई सीमाएं कैसे तय होंगी? इसके लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाकर परिसीमन करने का प्रस्ताव है. परिसीमन का मतलब है चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों का नए सिरे से निर्धारण. वहीं, राज्यों के बीच सीटों के अनुपात को तय करने के लिए 1971 की जनगणना का आधार बनाए रखने का प्रस्ताव है. यानी नई सीमाएं तय होंगी, लेकिन राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात सुरक्षित रखने की कोशिश की जाएगी. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों में बदलाव को 2051 तक स्थिर रखने की बात भी कही गई है.

दो-तिहाई बहुमत

सरकार को इन विधेयकों को पास कराने के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी. सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार को भरोसा है कि उसे जरूरी समर्थन मिल सकता है. संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित है. लोकसभा में 1 दिसंबर को विधेयकों पर चर्चा और मतदान होने की संभावना है. मतदान में 5 से 6 घंटे तक लग सकते हैं. हालांकि, इस प्रस्ताव पर क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो सकती है.

2029 के चुनाव पर नजर

सरकार का लक्ष्य है कि नई व्यवस्था 2029 के आम चुनाव से पहले तैयार हो जाए. इसके लिए संसद की मंजूरी के बाद नया परिसीमन आयोग गठित करने और करीब दो साल में प्रक्रिया पूरी करने की योजना है. अगर ये विधेयक पास होते हैं, तो आने वाले सालों में संसद की तस्वीर, चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी तीनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. अब सबकी नजर संसद के विशेष सत्र पर है.

News Source: ANI

बड़े फैसले : उत्तराखंड में आशा कार्यकर्ताओं की बल्ले-बल्ले, अब हर महीने मिलेंगे 10 हजार रुपये

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?