Home Top News सऊदी जाने वालों को IndiGo का झटका और राहत दोनों! इन शहरों के लिए शुरू हुईं उड़ानें

सऊदी जाने वालों को IndiGo का झटका और राहत दोनों! इन शहरों के लिए शुरू हुईं उड़ानें

by Preeti Pal 28 November 2026, 9:00 AM IST
28 November 2026, 9:00 AM IST
सऊदी जाने वालों को IndiGo का झटका और राहत दोनों! इन शहरों के लिए शुरू हुईं उड़ानें

Saudi Arabia Flights: अगर आप दिसंबर में सऊदी अरब जाने की तैयारी कर रहे हैं या वहां से भारत लौटने का टिकट बुक कराया है, तो ये खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. दरअसल, देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने सऊदी अरब के लिए अपनी कुछ उड़ानें फिर से शुरू करने का फैसला किया है. हालांकि, सभी रूट पर हवाई सेवा अभी सामान्य नहीं हुई है. जेद्दा और मदीना के लिए चुनिंदा उड़ानें दोबारा शुरू हो गई हैं, लेकिन रियाद और दम्माम के लिए फ्लाइट्स पर 7 दिसंबर 2026 तक रोक जारी रहेगी. यानी टिकट बुक करने से पहले आपको अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करना होगा.

जेद्दा-मदीना के लिए राहत

इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि मौजूदा हालात और ऑपरेशनल जरूरतों का आकलन करने के बाद जेद्दा और मदीना के लिए चुनिंदा उड़ानों को फिर से शुरू किया जा रहा है. इससे इन दोनों शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिलेगी. हालांकि, रियाद और दम्माम जाने या वहां से भारत आने वाले यात्रियों को अभी इंतजार करना पड़ेगा. एयरलाइन ने इन दोनों शहरों की उड़ानों को 7 दिसंबर तक रद्द रखने का फैसला किया है.

यूक्रेन से ग्रीनलैंड तक… ट्रंप और NATO चीफ की मुलाकात में इन बड़े मुद्दों पर हुई बात?

अब क्या करना चाहिए?

एयरलाइन के मुताबिक, जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं, उन्हें उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर जानकारी भेजी जा रही है. इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें. इसके लिए यात्री इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं. भारतीय दूतावास ने रियाद में भी एयरलाइन की इस एडवाइजरी को शेयर किया है, ताकि यात्रियों तक सही जानकारी पहुंच सके.

क्यों प्रभावित हुईं उड़ानें?

सऊदी अरब में सुरक्षा से जुड़े हालिया घटनाक्रम के कारण हवाई सेवाओं पर असर पड़ा है. गुरुवार को सऊदी अरब के जजान इलाके में एक तेल रिफाइनरी पर हूती हमले की खबर सामने आई थी. इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्रीय संगठनों और पड़ोसी देशों ने हमले की निंदा की. अरब लीग ने सऊदी अरब के अहम तेल ठिकानों को निशाना बनाने को उसकी संप्रभुता का उल्लंघन बताया. वहीं, खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के महासचिव जसिम मोहम्मद अलबुदैवी ने इसे गंभीर स्थिति पैदा करने वाला कदम बताया. कतर ने भी इस हमले की निंदा करते हुए सऊदी अरब की सुरक्षा के प्रति समर्थन जताया.

इन बातों का रखें ध्यान

फिलहाल इंडिगो की उड़ानों को लेकर यात्रियों को सावधानी बरतने की जरूरत है. अगर आपका टिकट रियाद या दम्माम का है, तो एयरलाइन से संपर्क करके रिफंड, रीबुकिंग और वैकल्पिक उड़ानों की जानकारी लें. वहीं, जेद्दा और मदीना जाने वालों को भी अपनी उड़ान की पुष्टि करने के बाद ही एयरपोर्ट पहुंचना चाहिए. कुल मिलाकर, सऊदी अरब के लिए हवाई सफर धीरे-धीरे सामान्य होने की दिशा में बढ़ रहा है, लेकिन सुरक्षा हालात के कारण कुछ रूट पर अभी पाबंदियां जारी हैं.

News Source: ANI

बांग्लादेश में लॉकडाउन पर सुरक्षा कड़ी, गोपालगंज में अर्धसैनिक बल तैनात, ट्रेन सेवाएं रोकी गईं

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?