Ambedkar Birth Anniversary : अंबेडकर जयंती के अवसर पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री समेत देश भर के नेताओं ने बाबा साहेब को याद किया और श्रद्धांजलि अर्पित की. जानिए उन्होंने इस मौके पर क्या कहा?
Ambedkar Birth Anniversary : डॉ. बीआर अंबेडकर की मंगलवार को देश भर में 135 जयंती मनाई जा रही है और संविधान निर्माता को आम लोग नमन कर रहे हैं. इसी कड़ी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई नेताओं ने इस खास मौके पर डॉ. अंबेडकर को नमन किया. इसके अलावा परिसर में मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत अन्य सांसदों ने भी बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की.
कमजोर वर्ग के लिए आजीवन संघर्ष किया : मुर्मु
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारतीय संविधान के प्रमुख निर्माता, महान समाज सुधारक बाबासाहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की जयन्ती के अवसर पर मैं उन्हें सादर नमन करती हूं. बाबासाहब आंबेडकर विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, प्रखर चिंतक, न्यायविद और समतामूलक समाज व्यवस्था के सशक्त प्रवक्ता थे. उन्होंने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया और उनके हित में ऐतिहासिक योगदान दिया. उन्होंने न केवल असमानताओं को दूर करने का मार्ग दिखाया, बल्कि भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों को सुदृढ़ करने में भी अग्रणी भूमिका निभाई. बाबासाहब ने महिलाओं की शिक्षा और उनके अधिकारों को प्राथमिकता दी. उनका बहुआयामी योगदान भावी पीढ़ियों को देश की सेवा और विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता रहेगा. उन्होंने आगे कहा कि आइए, इस अवसर पर हम बाबासाहब आंबेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लें और एक न्यायपूर्ण, समावेशी तथा प्रगतिशील भारत के निर्माण में योगदान दें.
पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित किया : PM
पीएम मोदी ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. राष्ट्र निर्माण की दिशा में उनके प्रयास अत्यंत प्रेरणादायी हैं. उनका जीवन और कार्य, एक न्यायपूर्ण और प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा.
समतामूलक समाज की ओर ले जाने का काम किया : VP
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति भवन में बाबासाहेब डॉ. बीआर अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. साथ ही उन्होंने कहा कि बाबासाहेब का जीवन और कार्य समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का एक जीता-जागता प्रमाण है. उनकी गहन दूरदृष्टि और चिरस्थायी योगदान हमारे राष्ट्र को एक अधिक न्यायसंगत, समावेशी और समतामूलक समाज की ओर ले जाने की यात्रा में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करते हैं. उन्होंने आगे कहा, इस पावन अवसर पर, आइए हम उनके आदर्शों को अक्षुण्ण बनाए रखने के अपने संकल्प को दोहराएं और हमारे राष्ट्र के लिए उन्होंने जो स्वप्न संजोया था, उसे साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयत्नशील रहें.
भारत को संवैधानिक आत्मा प्रदान की : खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी बाबा साहेब को याद किया. उन्होंने कहा कि हम उस दूरदर्शी महापुरुष के प्रति गहरी श्रद्धा से नमन करते हैं, जिन्होंने भारत को उसकी नैतिक और संवैधानिक आत्मा प्रदान की. उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहेब न केवल भारत के संविधान के निर्माता थे, बल्कि स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय के लिए एक अथक योद्धा भी थे. ये वे मूल्य हैं जो ‘भारत’ के मूल विचार को परिभाषित करते हैं. आज, जब संविधान एक षड्यंत्रकारी हमले का सामना कर रहा है, तब उनके शब्द और उनकी चेतावनियां एक नई और गहन प्रासंगिकता के साथ गूंज रही हैं. यह एक ऐसा क्षण है जो साहस और दृढ़ विश्वास की माँग करता है. साथ ही हमें केवल उन्हें याद ही नहीं करना चाहिए, बल्कि हमें उठ खड़े होकर उनके द्वारा स्थापित हर सिद्धांत की रक्षा करनी चाहिए.
अधिकारों को कुचला जा रहा : राहुल
इसके अलावा लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी ने भी इस खास मौके पर डॉ. अंबेडकर को याद किया. उन्होंने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने हमें सिर्फ़ संविधान नहीं, न्याय, समानता और सम्मान पर आधारित एक सशक्त भारत का सपना दिया. लेकिन आज कुछ ताकतें सुनियोजित तरीके से बाबासाहेब की इस विरासत और हमारे संविधान को कमजोर करने में लगी हैं. लोकतांत्रिक संस्थाओं को खोखला किया जा रहा है, अधिकारों को कुचला जा रहा है और समता की सोच पर हमला हो रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि यह देश बाबासाहेब के विचारों पर बना है. मैं पूरी शक्ति के साथ, आखिरी दम तक इनकी रक्षा के लिए लड़ता रहूंगा. हम सब मिल कर बाबा साहेब के सपनों के भारत को फिर से साकार करेंगे.
यह भी पढ़ें- नोएडा में उग्र प्रदर्शन के बाद योगी सरकार ने 3000 रुपए बढ़ाई न्यूनतम मजदूरी, 1 अप्रैल से लागू
News Source: PTI
