Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को बीजेपी पर जमकर हमला बोला. मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया के जरिए सामाजिक न्याय को कमजोर कर रही है. राष्ट्रीय राजधानी में अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जाति जनगणना को दरकिनार कर रही है और 2027 की जनगणना को प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया के लिए अप्रासंगिक बना रही है.
SC, ST और OBC को सरकार कर रही कमजोर
कांग्रेस नेता ने कहा कि अनुसूचित जातियों (SC) और अनुसूचित जनजातियों (ST) की आबादी बढ़ने के बावजूद उनका प्रतिनिधित्व चार दशकों तक वैसा ही बना रहेगा. उन्होंने कहा कि जाति जनगणना को किनारे कर दिया गया है और 2027 की जनगणना को अप्रासंगिक बना दिया गया है. क्यों? क्योंकि इससे कुछ ऐसे तथ्य सामने आएंगे जो बीजेपी को पसंद नहीं है. इसलिए वे 2011 की जनगणना का इस्तेमाल करने जा रहे हैं और सब कुछ 2051 तक के लिए फ्रीज (स्थिर) कर दिया जाएगा. इसका मतलब है कि 40 सालों तक आप सामाजिक न्याय को भूल जाइए. वे SC, ST और OBC के अधिकारों को कमजोर कर रहे हैं और अल्पसंख्यकों को शक्तिहीन बना रहे हैं.
सर्वदलीय परिसीमन आयोग की मांग
उन्होंने आगे कहा कि SC/ST सीटों का हिस्सा 40 सालों के लिए फ्रीज कर दिया जाएगा. उनकी आबादी बढ़ेगी, लेकिन उनकी सीटें नहीं बढ़ाई जाएंगी. जाहिर है, वे जाति जनगणना के नतीजे नहीं चाहते. हम एक सर्वदलीय परिसीमन आयोग चाहते हैं. वे 850 सीटों पर महिला आरक्षण की बात कर रहे हैं, जबकि हमारा कहना है कि 543 सीटों के भीतर ही महिला आरक्षण लागू किया जाए. सवाल यह है कि क्या बीजेपी को भारतीय लोकतंत्र की नींव को फिर से आकार देने के लिए पूरी छूट दी जा रही है? गांधी ने लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए और एक सर्वदलीय परिसीमन आयोग के गठन की मांग की.
लोकतंत्र की हत्या को दर्शाता है 850 का आंकड़ा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि महिला आरक्षण को लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों के भीतर ही लागू किया जाए, और इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए एक उप-कोटा भी शामिल हो. लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि वे सीटों की संख्या 850 करना चाहते हैं, जबकि हमारा कहना है कि मौजूदा सीटों की संख्या ही बरकरार रखी जाए. वे 2011 की जनगणना का इस्तेमाल करने की बात कर रहे हैं, जबकि हमारा मानना है कि सामाजिक न्याय और कानून के तहत हमें नवीनतम जनगणना का उपयोग करना चाहिए, जिसमें 2027 की जाति आधारित जनगणना के आंकड़ों को शामिल किया जाए. हम एक ऐसा परिसीमन आयोग चाहते हैं जिसमें दोनों पक्षों (सत्ता पक्ष और विपक्ष) की भागीदारी हो. कहा कि 850 का आंकड़ा लोकतंत्र की हत्या को दर्शाता है.
सरकार की मंशा पर जावेद अख्तर ने उठाए सवाल : इरादा नेक है तो महिला आरक्षण को परिसीमन से करें…
News Source: ANI
