Rahul Gandhi: आज राहुल गांधी के बयान से संसद में हंगामा मच गया. अमित शाह, राजनाथ सिंह और किरेन रिजिू ने उन पर सदन को भ्रमित करने का आरोप लगाया.
2 February, 2026
सोमवार को लोकसभा में उस समय हंगामा हो गया, जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चीनी घुसपैठ का मुद्दा उठाया. राहुल के बयान से सदन में शोर शराबा शुरु हो गया और बीजेपी के बड़े नेताओं ने उन पर पलटवार किया. राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल (रिटायर्ड) एम एम नरवणे के अप्रकाशित “संस्मरण” से कुछ अंश पढ़ने की कोशिश की, लेकिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य बीजेपी सदस्यों ने इसका कड़ा विरोध किया और कांग्रेस नेता पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया.
क्या बोल गए राहुल गांधी
जब राहुल गांधी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने के लिए खड़े हुए, तो उन्होंने कहा कि वह पहले पिछले वक्ता, बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या द्वारा राष्ट्रवाद पर कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों का जवाब देना चाहेंगे और उन्होंने जनरल नरवणे के “संस्मरण” से पढ़ना शुरू कर दिया. राहुल ने संस्मरण पढ़ते हुए कहा कि चीनी घुसपैठ के दौरान चार चीनी टैंक भारतीय इलाके में आगे बढ़ रहे थे. वे सिर्फ कुछ सौ मीटर दूर थे. राहुल के इतना पढ़ते ही राजनाथ सिंह खड़े हुए और उनका कड़ा विरोध किया.
राजनाथ सिंह ने लगाया आरोप
इसके बाद राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया और उनसे पूछा कि क्या यह संस्मरण अभी प्रकाशित ही नहीं हुआ है. यह हंगामा लगभग 50 मिनट तक चला, जिसमें स्पीकर ओम बिरला बार-बार कहते रहे कि सदन की कार्यवाही से संबंधित नहीं होने वाले मामले पर किसी किताब या अखबार की क्लिपिंग का हवाला नहीं दिया जा सकता और गांधी इस बात पर अड़े रहे कि दस्तावेज प्रामाणिक है और वह उससे पढ़ सकते हैं. गांधी ने कहा कि वह कभी भी इस खास मुद्दे पर बात नहीं करना चाहते थे, लेकिन बीजेपी के तेजस्वी सूर्या द्वारा कांग्रेस पार्टी की देशभक्ति पर सवाल उठाने के बाद उन्होंने ऐसा करने का फैसला किया.
शाह-रिजिजू ने भी घेरा
सिंह ने कहा कि किताब प्रकाशित नहीं हुई है. गांधी ने फिर कहा कि वह अपने विचार रखने के लिए एक मैगजीन के लेख से पढ़ रहे हैं. स्पीकर ने इसकी अनुमति नहीं दी और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने स्पीकर के फैसले का पालन करने को कहा. रिजिजू ने कहा कि अगर विपक्ष का नेता बार-बार स्पीकर के फैसले को नज़र अंदाज़ करता है और नियमों का उल्लंघन करता है, तो सदन को इस बात पर चर्चा करनी होगी कि ऐसे सदस्य के खिलाफ क्या कार्रवाई की जानी चाहिए इसके बाद गृहमंत्री अमित शाह ने भी राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह बिना प्रकाशित हुए संस्मरण कैसे पढ़ सकते हैं.
News Source: PTI
यह भी पढ़ें- नीतीश सरकार की बड़ी घोषणा: बिहार में 50 लाख युवाओं को मिला काम, अब 1 करोड़ का संकल्प
