Congress Cycle Rally: युवाओं, बेरोजगारों और किसानों के मुद्दे पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की युवा स्वाभिमान साइकिल यात्रा आष्टा से भोपाल के लिए रवाना हो गई. यह यात्रा बुधवार दोपहर सीहोर पहुंचेगी, जहां एक विशाल जनसभा को कांग्रेस नेता संबोधित करेंगे.लेकिन इस यात्रा के भोपाल पहुंचने से पहले ही सियासत और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बन गई है.
बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
भोपाल में प्रदर्शन की जगह को लेकर पुलिस और कांग्रेस के बीच मंगलवार को दिनभर असमंजस बना रहा. आखिरकार पुलिस ने रैली और प्रदर्शन के लिए जगह तो तय कर दी है, लेकिन इसके चलते आज राजधानी भोपाल का ट्रैफिक पूरी तरह बदलने वाला है. बता दें मध्य प्रदेश कांग्रेस की युवा स्वाभिमान साइकिल यात्रा अपने दूसरे और अंतिम दिन आष्टा से रवाना होकर सीहोर की तरफ बढ़ रही है. सीहोर के कोतवाली चौराहे पर बुधवार दोपहर एक विशाल महासभा का आयोजन किया गया है, लेकिन इस बीच राजधानी भोपाल में कांग्रेस के इस शक्ति प्रदर्शन को रोकने और संभालने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी है.
कांग्रेस ने भोपाल में प्रदर्शन के लिए पुरानी विधानसभा मैदान समेत चार जगहों की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक का हवाला देकर चारों जगहों की अनुमति खारिज कर दी. आखिरकार भारी खींचतान के बाद पुलिस ने हमीदिया अस्पताल के पास रॉयल मार्केट तिराहे से मोतिया तालाब रोड तक का मार्ग प्रदर्शन के लिए तय किया है.
स्थान को लेकर कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस की पहली पसंद था पुरानी विधानसभा मैदान, विकल्प में दिए थे रेतघाट, लिली और रंगमहल चौराहा. पुलिस ने चारों जगह की परमिशन नहीं दी, आखिरी समय में नया आवेदन करवाकर मोतिया तालाब रोड तय किया. इधर अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने रॉयल मार्केट से ताजुल मसाजिद की सीढिय़ों तक भारी बैरिकेडिंग कर दी है. बुधवार दोपहर 12 बजे से इस मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी. चूंकि इस रास्ते पर कई बड़े निजी और सरकारी अस्पताल हैं, इसलिए मरीजों और एंबुलेंस के लिए एक इमरजेंसी रास्ता खुला रखा जाएगा.
एडवाइजरी देखकर ही घर से निकलें
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक रॉयल मार्केट से तीन मोहरा होते हुए एलबीएस अस्पताल तक का मार्ग कार्यक्रम के दौरान पूरी तरह बंद रहेगा. लालघाटी से आने वाले वाहन चालकों को वीआईपी रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. सीहोर में जनसभा खत्म करने के बाद जीतू पटवारी का यह काफिला जैसे ही भोपाल सीमा में प्रवेश करेगा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए आगे बढ़ेगा. तो साफ है कि कांग्रेस इस यात्रा के जरिए भोपाल में एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है, वहीं पुलिस ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. दोपहर 12 बजे के बाद पुराने भोपाल की तरफ जाने वाले लोग ट्रैफिक एडवाइजरी देखकर ही घर से निकलें.
सियासतः जीतू-उमंग की जुगलबंदी, एक चला रहा साइकिल तो दूसरा विस्थापितों के हक के लिए उतरा तालाब में
