Poonch Fire: जम्मू-कश्मीर के पुंछ से आग लगने की खबर सामने आई है. यह घटना आज सुबह करीब 5 बजे की आसपास की बताई जा ही है. इस आग में लगभग एक दर्जन से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गई हैं. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि जम्मू और कश्मीर के पुंछ जिले में रविवार तड़के लगी भीषण आग में करीब एक दर्जन दुकानें जलकर खाक हो गईं. गनीमत यह रही कि इससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
बुफलियाज केंद्रीय बाजार में आग
पुंछ जिसे ‘मिनी कश्मीर’ भी कहा जाता है. रविवार सुबह करीब पांच बजे यहां के मुगल रोड स्थित बुफलियाज केंद्रीय बाजार में आग लग गई. इससे मुख्य रूप से लकड़ी और टिन से बनी दुकानें जल गईं. अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने सेना और सीआरपीएफ जवानों की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया और बाद में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग की एक टीम भी इसमें शामिल हो गई. दमकल एवं आपातकालीन सेवा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग पर 30 मिनट के भीतर काबू पा लिया गया, जिससे और अधिक नुकसान होने से बच गया.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की खबर
मिली जानकारी के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी. अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आग दुकानों में से एक में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और तुरंत आसपास की दुकानों में फैल गई.
लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी
आग की इस घटना को लेकर तुरंत सहायता नहीं पहुंचने पर कुछ लोगों ने स्थानीय प्रशासन पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की है. पीटीआई के अनुसार,आग से प्रभावित एक व्यक्ति ने कहा, “इलाके में दमकल स्टेशन न होने के कारण यह घटना और भी भयावह हो गई. सुरनकोट से एक दमकल गाड़ी आग लगने के एक घंटे से भी अधिक समय बाद मौके पर पहुंची. हम सेना और सीआरपीएफ जवानों के त्वरित प्रयासों के लिए आभारी हैं, जिनकी बदौलत कम से कम चार दुकानें आग की चपेट में आने से बच गईं.”
उन्होंने गे कहा, “दुख की बात है कि नागरिक प्रशासन का कोई भी प्रतिनिधि नुकसान का जायजा लेने या सहायता प्रदान करने के लिए घटनास्थल पर नहीं आया.”
वहीं, प्रभावित व्यापारियों और निवासियों ने आरोप लगाया कि आग बुझाने में देरी के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे दुकानों और संपत्ति को अधिक नुकसान हुआ. स्थानीय लोगों ने इलाके में एक स्थायी अग्निशमन केंद्र स्थापित करने की मांग की. उनका कहना था कि आपातकालीन इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी के कारण बार-बार जान-माल का खतरा पैदा हुआ है.
Navi Mumbai Fire: अब नवी मुंबई की इमारत में लगी भीषण आग, चार लोग जख्मी
News Source: PTI
