Mehsana Accident: गुजरात के उन्झा-मेहसाना राजमार्ग पर शनिवार को भीषण हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई, जबकि 6 गंभीर घायल हो गए.
Mehsana Accident: गुजरात के उन्झा-मेहसाना राजमार्ग पर शनिवार को भीषण हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई, जबकि 6 गंभीर घायल हो गए. बताया जाता है कि कार के डिवाइडर से टकरा जाने से भीषण हादसा हुआ.
परिवार राजस्थान के पाली जिले में अपने पैतृक गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अहमदाबाद लौट रहा था. उनावा पुलिस निरीक्षक पीडी दर्जी ने बताया कि चालक ने उन्झा और मेहसाना के बीच राजमार्ग पर नियंत्रण खो दिया, जिसके परिणामस्वरूप दुर्घटना हुई. हादसे में रामलाल कुमावत, कोमल कुमावत, कैलाशभाई कुमावत और आयुष कुमावत (4) की मौके पर ही मौत हो गई.जबकि मेहसाना सिविल अस्पताल में भर्ती कराए गए सात घायलों में से मथुरा देवी कुमावत नाम की बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया. घायलों का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है.
हादसे में वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि उनावा के पास ड्राइवर ने कार से नियंत्रण खो दिया, जिससे वह सेंट्रल डिवाइडर से टकरा गई. जोरदार टक्कर से वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था. उसका अगला हिस्सा पूरी तरह से कुचल गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि टक्कर इतनी भीषण थी कि मलबा पूरे राजमार्ग पर बिखर गया, जिससे गुजरने वाले वाहन चालकों में दहशत फैल गई. जब तक अधिकारियों ने मलबा नहीं हटाया तब तक यातायात बाधित रहा. जाम से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खत्म कराकर आवागमन शुरू कराया.
घटनास्थल पर जुटी सैकड़ों लोगों की भीड़
हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई. परिवार मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले का रहने वाला है. वे वर्तमान में अहमदाबाद में रह रहे हैं. दुर्घटना की सूचना मिलते ही उनावा पुलिस स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. स्थानीय निवासियों की मदद से पुलिस ने बचाव अभियान चलाया और घायलों को एम्बुलेंस में अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है. अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या तेज गति या चालक की थकान दुर्घटना का कारण हो सकती है.
ये भी पढ़ेंः MP में ‘लापता लेडीज’ का डरावना सच: हर दिन गायब हो रही हैं 130 महिलाएं और बच्चियां
News Source: Press Trust of India (PTI)
