Himanta Biswa Sarma: हिमंता बिस्वा सरमा ने आज असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. इनके साथ राज्य के मंत्री के रूप में चार विधायकों ने भी शपथ ली है.
Himanta Biswa Sarma: आज मंगलवार को हिमंता बिस्वा सरमा ने असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. गुवाहाटी के वेटरनरी कॉलेज में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने हिमंता को मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई है. सीएम के साथ चार विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के साथ हजारों की संख्या में असम की जनता मौजूद रही.
ये चार विधायक बने मंत्री
हिमंता बिस्वा सरमा ने आज असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. इनके साथ राज्य के मंत्री के रूप में चार विधायकों ने भी शपथ ली. इनमें से दो भाजपा के और एक-एक एनडीए के सहयोगी दल एजीपी और बीपीएफ के नेता हैं. इनके नाम हैं- रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नेओग. अतुल बोरा की बात करें तो यह असम गण परिषद (एजीपी) के अध्यक्ष हैं. चरण बोरो बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के विधायक हैं. अजंता नेओग भाजपा से आते हैं, जो पिछली सरकार में भी मंत्री रहे थे. वहीं, रामेश्वर तेली पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रहे हैं, जो इस साल के चुनाव में असम की राजनीति में वापस आए हैं.
हिमंता चुने गए थे विधायक दल के नेता
हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार असम के सीएम बन गए हैं. बीते दिनों एनडीए विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लग गई थी. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बताया था कि हिमंता बिस्वा सरमा को असम विधानसभा में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए का नेता चुना गया है. उन्होंने कहा था कि भाजपा के आठ विधायकों ने सरमा के नाम को विधायक दल के नेता के रूप में प्रस्तावित किया था. मालूम हो कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को असम में मुख्यमंत्री के नाम और चयन की जिम्मेदारी दी गई थी. नड्डा केंद्रीय पर्यवेक्षक तो सैनी सह-पर्यवेक्षक बनाए गए थे.
जेपी नड्डा ने कहा था कि एनडीए गठबंधन में बीजेपी के सहयोगी दलों ने भी हिमंता बिस्वा सरमा को सीएम के रूप में समर्थन दिया. गठबंधन में भाजपा के सहयोगी दलों असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने भी सरमा के नामांकन का समर्थन किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें एनडीए के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुना गया.
एनडीए के खाते में 102 सीटें
असम विधानसभा में कुल सीटों की संख्या 126 है. इनमें से सबसे अधिक सीट भाजपा को मिली. बीते 4 मई को आए असम विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी ने 82 सीटों पर जीत हासिल की. वहीं, कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली थी. भाजपा के सहयोगी दल Bodoland Peoples Front (BOPF) के खाते में 10 और Asom Gana Parishad (AGP) के भी खाते में 10 सीटें गईं. इस तरह से एनडीए के खाते में कुल सीटों की संख्या 102 हैं. वहीं, All India United Democratic Front (AIUDF) ने 2 सीट, Raijor Dal (RJRD) ने भी दो सीट और ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने एक सीट पर जीत हासिल की थी.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने पूर्व CM स्टालिन से की मुलाकात, क्या हैं मायने?
News Source: PTI
