Bhiwandi Building Collapse: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थित भिवंडी के नारपोली इलाके में एक भयानक हादसा हो गया. भंडारी कंपाउंड में चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग का एक बड़ा हिस्सा अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया. अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि बिल्डिंग गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और मलबे में सात से आठ लोग फंसे हुए हैं. हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस, भिवंडी-निजामपुर सिटी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया.
एक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया
अधिकारियों ने बताया कि पावरलूम टाउन के बालाजी नगर इलाके में कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा गुरुवार रात करीब 11.30 बजे गिर गया. भिवंडी-निजामपुर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के फायर ऑफिसर विजय जाधव ने PTI को बताया कि मलबे से एक बॉडी निकाली गई और एक घायल लड़के को बचाकर पास के हॉस्पिटल ले जाया गया. एक अधिकारी ने कहा कि मलबे में अभी भी सात से आठ लोग फंसे हुए हैं. सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है.
बिल्डिंग को खतरनाक घोषित किया गया था
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बिल्डिंग में 48 कमरे थे. हर फ्लोर पर 12 कमरे थे. नगर निगम प्रशासन ने पहले ही इस बिल्डिंग को “C-कैटेगरी” (बहुत ज़्यादा जर्जर और खतरनाक) कैटेगरी में डाल दिया था, जिसके बाद इसे खाली करा लिया गया था. बिल्डिंग खाली होने के बावजूद, कुछ मजदूर अभी भी ग्राउंड फ्लोर पर काम कर रहे थे. एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे, लोगों ने बिल्डिंग से “तेज खड़खड़ाहट की आवाजें” सुनीं. तुरंत कार्रवाई करते हुए लोकल लोगों ने कई मजजूरों को दूसरी जगहों पर पहुंचाने में मदद की. आखिर में जब कुछ लोग बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तब बिल्डिंग का ‘B’ विंग गिर गया.
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे के बाद एक कोमल नाम की लड़की ने हिम्मत दिखाई और खुद ही मलबे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. उसने बताया कि बिल्डिंग के पिलर्स पर रिपेयर का काम चल रहा था, तभी अचानक एक हिस्सा गिर गया. मलबे में दबे हुए लोगों को निकालने के लिए एक बड़ा मल्टी-एजेंसी रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है, जिसमें नेशनल डिज़ास्टर रिस्पॉन्स फोर्स, ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स और लोकल फायर ब्रिगेड की टीमें शामिल हैं. एक डॉग स्क्वाड, चार फायर इंजन, दो एम्बुलेंस और भारी अर्थ-मूविंग मशीनरी को मौके पर तैनात किया गया है.
बलूचिस्तान में बड़ा हादसा: कोयला खदान में धमाके से 32 मजदूरों की मौत, 10 अब भी फंसे
News Source: PTI
