Home Latest News & Updates Gujarat: अहमदाबाद को मिलेगी नई पहचान, 570 करोड़ रुपये से तैयार होगा ‘अहमदाबाद सिटी स्क्वायर’

Gujarat: अहमदाबाद को मिलेगी नई पहचान, 570 करोड़ रुपये से तैयार होगा ‘अहमदाबाद सिटी स्क्वायर’

by Nikul Patel 30 October 2026, 4:47 PM IST
30 October 2026, 4:47 PM IST
Ahmedabad City Square developed 570 crore

Gujarat News: गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद को आने वाले समय में एक नई पहचान मिलने जा रही है. शहर की स्काईलाइन को आधुनिक रूप देने और दुबई जैसी ऊंची इमारतों का नजारा पेश करने के लिए अहमदाबाद नगर निगम ने ‘अहमदाबाद सिटी स्क्वायर’ विकसित करने की योजना बनाई है. करीब 570 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट शहर के बोडकदेव इलाके में सिंधु भवन रोड पर तैयार किया जाएगा. इस परियोजना के तहत लगभग 175 मीटर ऊंचा आइकॉनिक टावर बनाया जाएगा. इसमें रेस्टोरेंट, टेरेस डेक कैफे, स्काई डेक, स्काई वॉक और डिजिटल स्क्रीन जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी. प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद यह अहमदाबाद के प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन स्थलों में शामिल हो सकता है.

175 मीटर ऊंचा होगा आइकॉनिक टावर

अहमदाबाद सिटी स्क्वायर का सबसे बड़ा आकर्षण इसका 175 मीटर ऊंचा आइकॉनिक टावर होगा. टावर में लगभग 40 मीटर की ऊंचाई पर रेस्टोरेंट विकसित किए जाएंगे. यहां एक साथ करीब 1200 लोगों के बैठने की व्यवस्था प्रस्तावित है. इसके ऊपर टेरेस डेक कैफे बनाया जाएगा, जहां लगभग 200 लोग बैठकर शहर के नजारे का आनंद ले सकेंगे. टावर के सबसे ऊपरी हिस्से में 175 मीटर की ऊंचाई पर स्काई डेक और स्काई वॉक विकसित करने की योजना है. यहां से अहमदाबाद शहर का पैनोरमिक व्यू देखा जा सकेगा. व्यू गैलरी में एक समय में लगभग 75 लोगों के लिए जगह प्रस्तावित है. इसके अलावा टावर में 40 मीटर से लेकर 175 मीटर की ऊंचाई के बीच विशाल डिजिटल स्क्रीन लगाई जाएगी. इस पर डिजिटल विज्ञापन और अन्य डिस्प्ले दिखाए जा सकेंगे. सिटी स्क्वायर में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन बेसमेंट बनाए जाएंगे. ये बेसमेंट जमीन से लगभग 15 मीटर नीचे होंगे.

प्रस्तावित पार्किंग व्यवस्था इस प्रकार होगी…

  • बेसमेंट-1 में 195 कारों की पार्किंग.
  • बेसमेंट-2 में 190 कारों की पार्किंग.
  • बेसमेंट-3 में 1109 दोपहिया वाहनों की पार्किंग.

इस तरह परिसर के तीन बेसमेंट में कुल 385 कारों और 1109 दोपहिया वाहनों की पार्किंग उपलब्ध होगी. इसके अलावा AMC के सामने स्थित एक अन्य प्लॉट में 450 चारपहिया वाहनों के लिए अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था भी प्रस्तावित है.

अर्बन और कमर्शियल हब के रूप विकसित करेंगे

अहमदाबाद सिटी स्क्वायर को केवल एक ऊंचे टावर के रूप में नहीं, बल्कि एक आधुनिक अर्बन और कमर्शियल हब के रूप में विकसित करने की योजना है. इसके लोअर ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें और आर्ट गैलरी बनाई जाएंगी. पूरे प्रोजेक्ट में लगभग 50 कमर्शियल दुकानों की व्यवस्था प्रस्तावित है. अपर ग्राउंड फ्लोर पर फूड कोर्ट, चारों कोनों में फूड कियोस्क, गार्डन, बैठने की व्यवस्था और वाटर फाउंटेन के साथ अर्बन प्लाजा विकसित किया जाएगा. यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन गतिविधियों के लिए एम्फीथिएटर भी बनाया जाएगा. इसकी प्रस्तावित क्षमता करीब 300 से 310 दर्शकों की होगी. 17 लिफ्ट और सोलर ट्री से होगी बिजली की व्यवस्था भी होगी.

गुजरात में दिल दहला देने वाली घटना: घर के बाहर खेल रहे मासूम को उठा ले गया तेंदुआ, मौत

इस प्रोजेक्ट में आधुनिक सुविधाओं के साथ तकनीकी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. बिल्डिंग में कुल 17 लिफ्ट लगाने की योजना है. इनमें चार लिफ्ट विजिटर्स के लिए एक रेस्टोरेंट सर्विस के लिए और 12 लिफ्ट बेसमेंट पार्किंग से ग्राउंड फ्लोर तक आने-जाने के लिए होंगी. विजिटर लिफ्ट में से दो लिफ्ट को बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में स्थित व्यू गैलरी तक ले जाने की व्यवस्था प्रस्तावित है. इसके अलावा परिसर में सोलर ट्री भी लगाए जाएंगे, जिनसे बिजली का उत्पादन कर बिल्डिंग में उपयोग किया जाएगा. ग्राउंड फ्लोर पर लगभग 5990 वर्ग मीटर क्षेत्र में प्लांटेशन और लैंडस्केपिंग की योजना है. प्रोजेक्ट में 75 मीटर लंबा एप्रोच ब्रिज भी प्रस्तावित है.

13,144 वर्ग मीटर का प्लॉट आवंटित किया

अहमदाबाद नगर निगम के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए कुल 13,144.40 वर्ग मीटर का प्लॉट आवंटित किया गया है. सड़क का क्षेत्र हटाने के बाद लगभग 12,091 वर्ग मीटर क्षेत्र में बिल्डिंग का प्लान तैयार किया गया है. AMC की ओर से इस प्रोजेक्ट का टेंडर 25 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया है. प्रोजेक्ट को लेकर इच्छुक ठेकेदारों के लिए ओरिएंटेशन मीटिंग आयोजित की जाएगी. इसके बाद टेंडर को अंतिम रूप देने से पहले दो बार प्री-बिड मीटिंग भी आयोजित करने की योजना है, ताकि योग्य ठेकेदार का चयन किया जा सके. ठेकेदार को काम सौंपे जाने के बाद परियोजना को पूरा करने के लिए 42 महीने यानी साढ़े तीन साल का समय निर्धारित किया गया है.

अहमदाबाद में पिछले कुछ वर्षों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, रिवरफ्रंट, स्पोर्ट्स सुविधाओं और कमर्शियल डेवलपमेंट का विस्तार हुआ है. अब सिंधु भवन रोड पर बनने वाला सिटी स्क्वायर शहर के आधुनिक विकास में एक नया अध्याय जोड़ने की तैयारी में है. करीब 570 करोड़ रुपये की लागत वाला यह प्रोजेक्ट शॉपिंग, फूड, आर्ट, कल्चर, मनोरंजन और पर्यटन जैसी गतिविधियों का एक साझा केंद्र बनने की परिकल्पना रखता है. हालांकि, फिलहाल यह परियोजना योजना और टेंडर प्रक्रिया के चरण में है. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अहमदाबाद को 175 मीटर ऊंचा नया आइकॉनिक टावर मिलेगा, जो शहर की बदलती स्काईलाइन में एक अलग पहचान बना सकता है.

रेल कनेक्टिविटी से लेकर ग्रामीण परंपराओं तक, गुजरात दौरे पर पीएम मोदी ने कही ये बड़ी बातें

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?