UP News : उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश के एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य की आधारशिला हमारे श्रमिक ही हैं. इनके बिना अर्थव्यवस्था आगे नहीं बढ़ सकती है.
UP News : अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने आज यहां प्रादेशिक कोऑपरेटिव मिल्क यूनियन के चक गंजरिया स्थित पराग फैक्ट्री में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य की आधारशिला हमारे श्रमिक ही हैं. बिना श्रमिकों के कोई भी अर्थव्यवस्था आगे बढ़ नहीं सकती. इस अवसर पर उन्होंने फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों को सम्मानित किया तथा उनके योगदान की सराहना की. उन्होंने सभी के साथ बैठकर भोजन भी किया और पराग को परिवार की तरह मानकर प्रेम, सद्भाव और उत्साह के साथ कार्य करने की अपील भी की.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक एवं दुग्ध विकास में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उनके परिश्रम और समर्पण से ही उत्पादन में निरंतर वृद्धि संभव हो पाती है. उन्होंने आगे कहा कि दुग्ध उत्पादन क्षमता में और अधिक वृद्धि तथा प्रदेश की दुग्ध उत्पादन व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का दायित्व हम सबका है.
श्रमिकों की बढ़ानी होगी दक्षता
धर्मपाल सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग और श्रमिकों की दक्षता बढ़ाने से दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. ‘पराग’ ब्रांड ने प्रदेश में दुग्ध क्षेत्र को नई पहचान दिलाई है और इसके उत्थान में यहां कार्यरत श्रमिकों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है. श्रमिकों के अथक परिश्रम से पराग उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में निरंतर वृद्धि हुई है, जिससे प्रदेश के दुग्ध उत्पाद देशभर में अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं.
पराग उत्पादों की मार्केटिंग को किया जाए मजबूत
धर्मपाल सिंह ने पराग प्लांट का निरीक्षण भी किया. उन्होंने निर्देश दिए कि दुग्ध प्लांट पेशेवर तरीके से पूरी क्षमता के साथ चलाए जाएं. साथ ही पराग उत्पादों की मार्केटिंग को सुदृढ़ किया जाए, ताकि गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन हो तथा नए उत्पाद शीघ्र बाजार में लाए जाएं. उन्होंने सख्त रूप से कहा कि दूध में किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, मशीनरी की कार्यक्षमता एवं स्टाफ व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होगा. सरकार की प्राथमिकता किसानों को उचित मूल्य और उपभोक्ताओं को शुद्ध दूध उपलब्ध कराना है.
श्रमिक होते हैं संस्थानों को रीढ़
इस अवसर पर पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि श्रमिक किसी भी संस्था की रीढ़ होते हैं और उनके परिश्रम के बिना उत्पादन प्रणाली सशक्त नहीं हो सकती. उन्होंने कहा कि विभाग श्रमिकों के कौशल विकास, कार्यस्थल की बेहतर सुविधाओं तथा उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है.
वहीं, पराग के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव ने भी फैक्ट्री प्रबंधन एवं अन्य अधिकारियों ने भी श्रमिकों को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की. कार्यक्रम में इन्द्रभूषण सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. साथ ही इस खास मौके पर मनोज मौर्य, हरीश दुबे, अभिषेक सिंह, राम बक्श, सोनू सिंह, विजय कुमार, हर्ष पांडे, मनोज कुमार सिंह, भगवती प्रसाद तथा बृजलाल यादव आदि कर्मचारियों को सम्मानित किया गया.
यह भी पढ़ें- दिल्लीवासी घर बैठे भर सकेंगे जनगणना का फॉर्म, जानें पूरी ऑनलाइन प्रक्रिया और आखिरी डेट
