Home Latest News & Updates अयोध्या दीपोत्सव : राम की पैड़ी पर 30 लाख दीयों से बनेगा नया विश्व कीर्तिमान, 56 घाटों पर बिखरेगी आभा

अयोध्या दीपोत्सव : राम की पैड़ी पर 30 लाख दीयों से बनेगा नया विश्व कीर्तिमान, 56 घाटों पर बिखरेगी आभा

by Rajeev Ojha 4 November 2026, 6:23 PM IST
4 November 2026, 6:23 PM IST
अयोध्या दीपोत्सव: राम की पैड़ी पर 30 लाख दीयों से बनेगा नया विश्व कीर्तिमान

Deepotsav Special: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में रामनगरी में आयोजित होने जा रहे दसवें दीपोत्सव-2026 को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं. इस बार नया कीर्तिमान स्थापित करने के उद्देश्य से राम की पैड़ी के सभी 56 घाटों पर 30 लाख दीप सजाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इस लक्ष्य को समय से पूरा करने के लिए विश्वविद्यालय परिसर से बड़ी संख्या में स्वयंसेवक बसों के माध्यम से राम की पैड़ी पहुंचे. यहां पहुंचते ही छात्र-छात्राओं ने अपने निर्धारित घाटों पर जिम्मेदारी संभालते हुए पूरी ऊर्जा, निष्ठा और अनुशासन के साथ दीप बिछाने का काम शुरू कर दिया.

विद्यार्थी बने सहभागी

दसवें दीपोत्सव को यादगार बनाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर के साथ-साथ संबद्ध महाविद्यालयों और स्थानीय इंटरमीडिएट कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को भी स्वयंसेवक के रूप में लगाया गया है. सभी 56 घाटों पर दीपों की शृंखला सजाने के लिए अलग-अलग घाटों और निर्धारित स्थलों के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. विश्वविद्यालय परिसर से स्वयंसेवकों के सुगम आवागमन के लिए आरक्षित बसों की व्यवस्था की गई है.

कतारों में सजाए जा रहे दीप

राम की पैड़ी के घाटों पर सुबह से ही विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. घाट समन्वयकों और प्रभारियों के दिशा-निर्देशन में स्वयंसेवक निर्धारित ब्लॉक और कतारों में दीपों को सुव्यवस्थित ढंग से सजा रहे हैं. इसका उद्देश्य मुख्य आयोजन के दिन तेल, बाती डालने और दीप प्रज्ज्वलन का कार्य सुगमता से संपन्न कराना है. सभी स्वयंसेवकों को अपने निर्धारित घाटों पर ही कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं.

कुलपति के नेतृत्व में अधिकारी कर रहे निगरानी

कुलपति डॉ. विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार घाटों का भ्रमण कर तैयारियों की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं. निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप दीपों को व्यवस्थित ढंग से सजाने और स्वयंसेवकों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की भागीदारी से दसवें दीपोत्सव की तैयारियों को गति मिल रही है.

9 नवंबर तक होंगे भव्य आयोजन

दीपोत्सव-2026 के दौरान रामनगरी में पांच से नौ नवंबर तक मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो आकर्षण का केंद्र रहेंगे. पांच नवंबर को दो ट्रायल शो के साथ इसकी शुरुआत होगी, जबकि छह नवंबर को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी. सात नवंबर को दीपोत्सव की संध्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष विशेष प्रस्तुति दी जाएगी. इसके अलावा आमजन के लिए तीन अतिरिक्त शो भी आयोजित होंगे. वहीं, आठ नवंबर को दीपावली के दिन चार शो होंगे, हालांकि इनमें नृत्य कार्यक्रम शामिल नहीं होगा. अयोध्यावासियों को ध्यान में रखकर नौ नवंबर को विशेष ड्रोन शो का आयोजन होगा.

दीपोत्सव से पहले अयोध्या में UPSTDC की सौगात, छह घंटे में होंगे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?