Hardik Pandya: पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने कहा कि टीम इंडिया के पास हार्दिक पांड्या का अभी कोई विकल्प नहीं है. ऐसे में भारत को उनके विकल्प की जगह टीम में उन खिलाड़ियों पर ध्यान देना होगा जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी में शानदार भूमिका निभा सकें. साथ ही उन्होंने गेंदबाजी को भी मजबूत करने पर जोर दिया. गावस्कर ने मैनेजमेंट को सलाह दी कि भारतीय टीम को चार गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरना चाहिए और साथ ही सातवें नंबर पर ऐसे खिलाड़ी को खिलाना चाहिए जो बल्लेबाज के अलावा गेंदबाजी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके.
तुरंत तलाशने लग जाते हैं हार्दिक का विकल्प
गावस्कर ने कहा कि बल्लेबाजी ऑर्डर को लंबा करने के चक्कर में हमको गेंदबाजों के साथ समझौता नहीं करना चाहिए. वेस्टइंडीज के खिलाफ बेंगलुरु में खेले जाने वाला पांचवां टी-20 मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद गावस्कर ने कहा कि हम कभी-कभी हार्दिक पांड्या का विकल्प जरूरत से ज्यादा तलाशने लग जाते हैं. मैं कहना चाहता हूं कि उनकी जगह कोई नहीं ले सकता है और अगर मैनेजमेंट को उनकी क्षमता जितना खिलाड़ी नहीं मिलता है तो उन्हें ऐसे प्लेयर के साथ आगे बढ़ना चाहिए जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों कर सके.
नमन धीर का दिया उदाहरण
गावस्कर ने नमन धीर का उदाहरण देते हुए कहा कि वह एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जो बल्ले और गेंद से अच्छा योगदान देते हैं. उन्होंने आगे कहा कि इस सीरीज से हमें यह सीख मिलती है कि हमें आने वाले समय में चार नियमित गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरना होगा. पांचवां और छठा विकल्प हमें ऑलराउंडर के रूप में चुनना चाहिए. गावस्कर बताते हें कि नमन धीर एक बल्लेबाज हैं, लेकिन वह दो-तीन ओवर तक आसानी से बल्लेबाजी कर सकते हैं. साथ ही अक्षर पटेल में अपने चार ओवरों को फेंकने की क्षमता है और वह आक्रामक बल्लेबाजी करने की क्षमता रखते हैं.
हम गेंदबाजी को कमजोर कर देंगे
इसके अलावा, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि बल्लेबाजी क्रम को आठवें नंबर तक पहुंचाने की कोशिश में हम गेंदबाजी को कमजोर कर देंगे. उन्होंने आगे कहा कि जब कोई भी टीम आठवें नंबर तक बल्लेबाजों को लेकर मैदान पर उतरती है तो वह अपनी गेंदबाजी को काफी हद तक कमजोर कर लेती है. साथ ही इसके नतीजे हमें हार के रूप में देखने को मिलते हैं. उन्होंने कहा कि हमें भारतीय गेंदबाजी देखने का मौका ही नहीं मिला. यह देखना काफी दिलचस्प होता कि 9वें ओवर में भारतीय गेंदबाज किस तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं.
हरमनप्रीत कौर ने तीनों क्रिकेट फॉर्मेट की कप्तानी से दिया इस्तीफा, कहा-टीम को सब दिया…
