Home Top News गोरखपुर में बनेगा प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय, योगी ने रखी आधारशिला, खर्च होंगे 491 करोड़

गोरखपुर में बनेगा प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय, योगी ने रखी आधारशिला, खर्च होंगे 491 करोड़

by Live Times Admin 19 November 2026, 1:12 PM IST (Updated 19 November 2026, 1:13 PM IST)
19 November 2026, 1:12 PM IST (Updated 19 November 2026, 1:13 PM IST)
गोरखपुर में बनेगा प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय, योगी ने रखी आधारशिला, खुलेंगे रोजगार के नए अवसर

Gorakhpur News: गोरखपुर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विकास की बड़ी सौगात दी है. अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कैम्पियरगंज के भारीवैसी में 792 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत वाली 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला भी रखी गई. 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विश्वविद्यालय पूर्वांचल के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खोलेगा.

55 परियोजनाओं से बदलेगी गोरखपुर की तस्वीर

गोरखपुर के विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 792 करोड़ 18 लाख रुपये की 55 परियोजनाओं की सौगात दी. कैम्पियरगंज के भारीवैसी में आयोजित कार्यक्रम में 621 करोड़ 5 लाख रुपये की 16 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, जबकि 171 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से पूरी हो चुकी 39 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया. इन परियोजनाओं से सड़क कनेक्टिविटी, ग्रामीण विकास, बाढ़ नियंत्रण और स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी.

123.55 एकड़ भूमि पर बनेगा संस्थान

विश्वविद्यालय कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास रहा. कैम्पियरगंज के भारीवैसी में 50 हेक्टेयर यानी करीब 123.55 एकड़ भूमि पर 491 करोड़ रुपये की लागत से इस विश्वविद्यालय का निर्माण कराया जाएगा. शासन ने दो वर्ष के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है.

डिप्लोमा से पीएचडी तक होगी पढ़ाई

इस विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को डिप्लोमा से लेकर स्नातक, परास्नातक और पीएचडी तक की पढ़ाई का अवसर मिलेगा. वानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री और बागवानी जैसे विषयों की शिक्षा दी जाएगी. इसके साथ ही यहां से डिग्री हासिल करने वाले युवाओं को राज्य वन सेवा और क्षेत्रीय वन अधिकारी की भर्तियों में क्षैतिज आरक्षण देने का प्रस्ताव भी शामिल है. कुल मिलाकर गोरखपुर को मिली 55 विकास परियोजनाओं की सौगात जिले की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेगी. वहीं, वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय पूर्वांचल को उच्च शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है.

पांच विश्वविद्यालय वाला जिला होगा गोरखपुर

अब तक जिले में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (राज्य विश्वविद्यालय), मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (राज्य प्राविधिक विश्वविद्यालय), महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय (निजी क्षेत्र) और प्रदेश का पहला महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय (चिकित्सा की पारंपरिक पद्धतियों को समर्पित) मौजूद है.

अब वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ ही गोरखपुर के खाते में पांचवां विश्वविद्यालय जुड़ जाएगा. इनमें आयुष विश्वविद्यालय और वानिकी विश्वविद्यालय अपनी विशिष्ट कार्यप्रणाली और पाठ्यक्रमों के कारण पूरे प्रदेश में अनूठे हैं. आयुष विश्वविद्यालय के बाद वानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना गोरखपुर को न केवल ‘नॉलेज कैपिटल’ के रूप में स्थापित करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश को देश में अग्रणी भूमिका में ला खड़ा करेगी.

माफिया ही नहीं, सिस्टम के हर दुश्मन पर चलेगा ‘जीरो टॉलरेंस’ का डंडा, सुरक्षा से ही संभव है विकास व रोजगार

  • गोरखपुर से हरेंद्र दुबे की रिपोर्ट

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?