CM Yogi: गोरखपुर में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सपा के गुंडे सड़कों पर मचलते हुए दिखाई देते हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज गोरखपुर की चमक-दमक देखकर उनके मुखिया को भी एहसास हो रहा होगा कि शहर कितना बदल गया है. पहले उन्हें इसकी फुर्सत कहां थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि एक कहावत है कि सत्ता विरासत में मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं मिलती. गद्दी भले ही विरासत में मिल जाए, लेकिन उसके साथ समझदारी नहीं आती.
सपा सरकार में हुए दंगों का किया जिक्र
उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अपने पिता की बदौलत सत्ता तक पहुंचे, लेकिन सरकार में वही उदंडता और अराजकता दिखाई दी. योगी आदित्यनाथ ने सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि इसी अराजकता के कारण कोसीकलां और मुजफ्फरनगर में दंगे हुए. लखनऊ में महापुरुषों का अपमान हुआ और मथुरा के जवाहरबाग में ऐसी घटना हुई, जिसमें पुलिस के दो अधिकारी मारे गए और 23 लोगों की निर्मम हत्या हुई. मुख्यमंत्री ने बरेली, गोरखपुर, बस्ती, बलरामपुर, बहराइच, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी और आजमगढ़ समेत कई जिलों का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश का कोई जिला दंगों से अछूता नहीं रहा.
दंगाइयों को पहनाई जाती थी माला
उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सबसे बड़ी बेशर्मी तब होती थी, जब दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास में बुलाकर माला पहनाई जाती थी और अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया जाता था. योगी आदित्यनाथ के इस बयान से प्रदेश की राजनीति में सपा और भाजपा के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत हैं. योगी ने गोरखपुर में भाजपा के जन चौपाल कार्यक्रम के दौरान विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करने वालों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों का संविधान में विश्वास नहीं है, वही एसआईआर का विरोध कर रहे हैं.
विकास का विरोध करना कुछ लोगों की आदत
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब गोरखपुर में सड़कें बन रही थीं, तब भी विरोध किया जा रहा था. अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा था, तब भी विरोध हुआ. काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण का भी विरोध किया गया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हर चीज का विरोध करना कुछ लोगों ने अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझ लिया है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारा भी जन्मसिद्ध अधिकार है कि हम भारत के संविधान को मजबूती प्रदान करें और देश की एकता एवं अखंडता को कायम रखें. मुख्यमंत्री के संबोधन में विकास, संविधान, एसआईआर और कानून-व्यवस्था के मुद्दे प्रमुखता से छाए रहे.
गोरखपुर में बनेगा प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय, योगी ने रखी आधारशिला, खर्च होंगे 491 करोड़
- गोरखपुर से हरेंद्र दुबे की रिपोर्ट
