Gujarat ATS: गुजरात ATS ने ONGC की पाइपलाइन से अवैध रूप से क्रूड ऑयल (कच्चा तेल) चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में ATS ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी को वांटेड घोषित किया गया है.आरोपियों के कब्जे से करीब 8 हजार लीटर चोरी का क्रूड ऑयल बरामद किया गया है. इसके अलावा ONGC का टैंकर, आयशर ट्रक, मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं. जब्त किए गए कुल मुद्देमाल की कीमत करीब 22.35 लाख रुपये बताई गई है. गुजरात ATS देशभर में सक्रिय संगठित अपराध नेटवर्क पर लगातार नजर रख रही है.
गिरोह में ONGC का एक कर्मचारी भी शामिल
इसी दौरान गुजरात ATS के उप पुलिस अधीक्षक एसएल चौधरी को सूचना मिली थी कि अहमदाबाद के दाणीलीमडा इलाके में रहने वाले कुछ लोग ONGC के एक कर्मचारी के साथ मिलकर कंपनी के ऑयल वेल की पाइपलाइन से अवैध रूप से क्रूड ऑयल चोरी कर रहे हैं. चोरी किए गए तेल को ONGC के टैंकर में भरकर अहमदाबाद लाया जाता है और यहां एक पार्किंग स्थल पर दूसरे वाहनों में ट्रांसफर करके बेचा जाता है. इस सूचना के बाद ATS के वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और पुलिस अधीक्षक के. सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक एसएल चौधरी के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई.
ऑयल वेल नंबर 26 को बनाते थे निशाना
ATS की जांच में सामने आया कि आरोपी खेड़ा जिले के सारसा में स्थित ONGC के ऑयल वेल नंबर 26 को निशाना बनाते थे. यहां से केसिंग वाल्व के माध्यम से फाइटर पंप की मदद से क्रूड ऑयल निकाला जाता था. इसके बाद चोरी किए गए तेल को ONGC के टैंकर में भरकर अहमदाबाद लाया जाता था. आरोपियों ने चोरी के तेल को एक स्थान पर जमा करने और वहां से दूसरे वाहनों में ट्रांसफर करने की व्यवस्था भी बनाई हुई थी. इस पूरे नेटवर्क में ONGC के कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले एक कर्मचारी की संलिप्तता भी सामने आई है. इस सूचना के आधार पर गुजरात ATS की टीम ने अहमदाबाद के वटवा GIDC और विंझोल रिंग रोड के पास पंचरत्न फ्लोरा फ्लैट के पीछे स्थित हैप्पीभाई भरवाड़ के पार्किंग प्लॉट पर छापेमारी की. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां ONGC लिखे टैंकर से पाइप के जरिए आयशर ट्रक में रखी टंकी में क्रूड ऑयल खाली किया जा रहा था.
जब्त कच्चे तेल की कीमत करीब 4 लाख रुपये
ATS की टीम ने मौके से छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खेड़ा जिले के सारसा स्थित ONGC के ऑयल वेल नंबर 26 से करीब 8 हजार लीटर क्रूड ऑयल चोरी करके बिक्री के लिए अहमदाबाद लाने की बात कबूल की. कार्रवाई के दौरान ATS ने ONGC के टैंकर से करीब 4,500 लीटर और आयशर ट्रक में रखी टंकी से करीब 3,500 लीटर क्रूड ऑयल बरामद किया. इस तरह कुल 8 हजार लीटर क्रूड ऑयल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है. इसके अलावा तेल की ढुलाई और ट्रांसफर में इस्तेमाल किए जा रहे ONGC के टैंकर, आयशर ट्रक, पांच मोबाइल फोन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए.
22.35 लाख का माल जब्त
पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए सभी सामान की कुल कीमत करीब 22 लाख 35 हजार रुपये है. गुजरात ATS ने इस मामले में गफ्फार अब्दुलभाई रंगरेज, मोहसीन रफीकभाई रंगरेज, मोहम्मद जावेद मोहम्मद साबीर रंगरेज, भीखाभाई कालाभाई चौहान, नसीरुद्दीन उर्फ विक्की ताजुद्दीन मलिक और रायसंगभाई बचुभाई ठाकोर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में कुछ अहमदाबाद के दाणीलीमडा और सरखेज इलाके के रहने वाले हैं, जबकि कुछ खेड़ा जिले के निवासी हैं. वहीं, दाणीलीमडा निवासी उस्मान उर्फ टिकड़ी को इस मामले में वांटेड घोषित किया गया है.
बिहार में तिलक समारोह से लौटते समय बड़ा हादसा : नहर में समाई कार, 6 की मौत और 1 गंभीर
