Malaysia-India Visa: मलेशिया की यात्रा करने की योजना बना रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है. मलेशिया के आव्रजन विभाग (इमिग्रेशन डिपार्टमेंट) ने घोषणा की है कि 1 जनवरी 2027 से भारतीय नागरिकों को मिलने वाली ‘वीजा-मुक्त प्रवेश’ की सुविधा समाप्त कर दी जाएगी. इस फैसले के बाद नए साल से मलेशिया जाने वाले भारतीय यात्रियों को पहले से वैध वीजा लेना अनिवार्य होगा. मलेशिया के आव्रजन विभाग (JIM) द्वारा 17 नवंबर को जारी एक आधिकारिक नोटिस में इस बदलाव की जानकारी दी गई है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि 1 जनवरी 2027 या उसके बाद मलेशिया में प्रवेश करने वाले भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए यात्रा से पूर्व वैध वीजा प्राप्त करना आवश्यक होगा.
1 दिसंबर 2026 से शुरू होंगे आवेदन
नए नियमों के तहत वीजा आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए मलेशियाई प्रशासन ने तारीख तय कर दी है. यात्री 1 दिसंबर 2026 से आधिकारिक ‘माई-वीज़ा’ (MyVISA) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे. आव्रजन विभाग ने यह भी सख्त हिदायत दी है कि वीजा प्रोसेसिंग फीस किसी भी परिस्थिति में वापस (रिफंड) नहीं की जाएगी. आवेदन स्वीकार हो या अस्वीकार, सरकारी नीतियों में कोई बदलाव हो, या फिर यात्री की अपनी यात्रा योजनाओं में कोई फेरबदल हो, जमा की गई फीस वापस नहीं मिलेगी.
2023 में शुरू हुई थी यह सुविधा
गौरतलब है कि मलेशिया सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1 दिसंबर 2023 को भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिनों तक की वीजा-मुक्त यात्रा की शुरुआत की थी. बाद में इस अवधि को बढ़ाकर वर्ष 2026 के अंत तक कर दिया गया था. इस व्यवस्था के तहत भारतीय पर्यटकों को बिना वीज़ा के 30 दिन तक रुकने की अनुमति थी और उन्हें केवल यात्रा से तीन दिन पहले ‘मलेशिया डिजिटल अराइवल कार्ड’ (MDAC) पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होता था. अब 2026 के अंत में इस छूट की समय सीमा समाप्त होने के साथ ही पुरानी वीजा प्रणाली फिर से लागू हो जाएगी.
ट्रैवल मेडिकल कवरेज साथ रखने की सलाह
नोटिस में कहा गया है कि मलेशिया सरकार के निर्देशों के अनुसार, आव्रजन विभाग के पास प्रवेश संबंधी इन नियमों में कभी भी बदलाव करने का अधिकार है. विभाग ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे मलेशिया में अपने पूरे प्रवास के दौरान के लिए ‘ट्रैवल मेडिकल कवरेज’ (यात्रा के दौरान स्वास्थ्य बीमा) ले लें. वहां रहने वाले गैर-निवासियों को इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भुगतान करना होगा. इन सभी खर्चों की जिम्मेदारी उनकी अपनी होगी.
नौकरी के लिए न करें वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा का इस्तेमाल
सितंबर में, भारत ने मलेशिया में मौजूद अपने नागरिकों को सलाह दी थी कि वे 30 दिनों की वीज़ा-मुक्त प्रवेश सुविधा का इस्तेमाल नौकरी खोजने के लिए न करें. कुआलालंपुर में भारतीय उच्चायोग ने एक एडवाइजरी जारी कर कहा कि मलेशिया पहुंचने वाले भारतीय नागरिकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखी गई है, जिन्हें धोखेबाज एजेंटों ने नौकरी दिलाने का झूठा वादा करके गुमराह किया है. उच्चायोग ने स्पष्ट किया कि 30 दिनों की वीज़ा-मुक्त सुविधा केवल पर्यटन और सामाजिक यात्राओं के लिए है, और इसके तहत वहां नौकरी करने की अनुमति नहीं है.
भारत-जापान दोस्ती का नया दौर : हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए टोक्यो में मंथन
