Rajpal Yadav: मुश्किल में घिरे कॉमेडी किंग राजपाल यादव की मदद के लिए एक बाद एक बॉलीवुड स्टार्स आगे आ रहे हैं. अब इस लिस्ट में सलमान खान और अजय देवगन का नाम भी जुड़ चुका है.
12 February, 2026
बॉलीवुड के छोटे उस्ताद और हम सबके फेवरेट कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. 9 करोड़ रुपये के पुराने कर्ज और चेक बाउंस मामले में उन्हें दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा. लेकिन कहते हैं न कि दुख में ही अपनों की पहचान होती है. अब इस मुश्किल घड़ी में पूरी फिल्म इंडस्ट्री राजपाल यादव के पीछे एक चट्टान बनकर खड़ी हो गई है.

सिंघम और सुल्तान का साथ
राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने क्लियर किया है कि बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान और ‘सिंघम’ अजय देवगन ने उनकी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है. वैसे, न सिर्फ ये बड़े स्टार्स, बल्कि लोगों के मसीहा बन चुके सोनू सूद और फेमस डायरेक्टर डेविड धवन ने भी राजपाल को फाइनेंशियल हेल्प देने का भरोसा दिया है. वरुण धवन और गुरमीत चौधरी जैसे यंग स्टार्स भी अपने सीनियर एक्टर की मदद के लिए कॉल कर रहे हैं. आपको बता दें कि राजपाल यादव इस सपोर्ट से काफी इमोशनल हैं.

एक फिल्म का चक्कर
राजपाल यादव की ये मुसीबत साल 2010 में शुरू हुई थी. उन्होंने अपनी बतौर डायरेक्टर पहली फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. हालांकि, उनकी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई और राजपाल भारी घाटे में चले गए. देखते ही देखते ब्याज और पेनाल्टी जुड़कर ये 5 करोड़ की रकम 9 करोड़ रुपये तक जा पहुंची. उन्होंने कर्ज चुकाने के लिए जो चेक दिए, वो बाउंस हो गए और मामला अदालत तक पहुंच गया.
यह भी पढ़ेंः बवाल मचा तो बदल गए फिल्मों के नाम, ‘बिल्लू’ से ‘घूसखोर पंडत’ तक, कुछ ऐसा रहा टाइटल बदलने का सफर

कोर्ट ने नहीं दी राहत
इसी साल फरवरी की शुरुआत में दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल यादव की और टाइम मांगने वाली अर्जी को खारिज कर दिया. जज ने साफ कहा कि न्यायपालिका फिल्म स्टार्स के लिए कोई विशेष नियम नहीं बना सकती. हालांकि, राजपाल यादव के वकील ने 25 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट तुरंत देने और बाकी पैसे किश्तों में चुकाने का वादा किया. मगर कोर्ट ने अनुशासन का हवाला देते हुए उन्हें जेल जाने का आदेश दिया. 5 फरवरी को राजपाल ने सरेंडर कर दिया और अब वो 6 महीने की सजा काट रहे हैं.

गुरु रंधावा भी हैं साथ
सिंगर गुरु रंधावा ने सोनू सूद से इंस्पायर होकर सोशल मीडिया पर राजपाल यादव की मदद की अपील की है. उन्होंने ये भी उनाउंस किया कि वो अपने आने वाले एक म्यूजिक वीडियो के लिए राजपाल यादव को एडवांस पेमेंट ट्रांसफर कर रहे हैं, जिससे उनकी फाइनेंशियल हेल्प हो सके. इसके अलावा म्यूजिक प्रोड्यूसर राव इंद्रजीत सिंह ने भी 1.1 करोड़ रुपये की बड़ी मदद की पेशकश की है. भले ही राजपाल यादव अभी सलाखों के पीछे हैं, लेकिन अक्षय कुमार के साथ उनकी अगली फिल्म ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली है. फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही उनकी ये प्रोब्लम भी खत्म हो जाएगी.
यह भी पढ़ेंः सलमान खान के बाद अब उनके जीजा के पीछे पड़ा बिश्नोई गैंग, आयुष शर्मा को आया धमकी भरा ई-मेल
