Delhi Schools Bomb Threat: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर डर का माहौल है. एक बार फिर कुछ स्कूलों को बम की धमकी मिली है. आप भी जानें किन स्कूलों का हुआ बुरा हाल.
13 February, 2026
देश की राजधानी दिल्ली के स्कूलों में एक बार फिर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शुक्रवार की सुबह-सुबह 3 स्कूलों के इनबॉक्स में बम होने की धमकी वाला ईमेल आया. जैसे ही ये खबर फैली, स्कूल प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए और आनन-फानन में बच्चों और टीचरों को स्कूल से बाहर निकाला गया. दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों ने बताया कि सर्च ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके.
कब शुरू हुआ तमाशा
ये पूरा ड्रामा सुबह करीब 9:12 बजे शुरू हुआ, जब सेंटर दिल्ली के झंडेवालान स्थित बीटी तमिल स्कूल ने प्रशासन को धमकी भरे ईमेल की जानकारी दी. स्कूल का मैसेज मिलते ही सिक्योरिटी एजेंसियां और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. एक और स्कूल ने तो तुरंत पेरेंट्स को मैसेज भेजा. इसके बाद स्कूल को खाली कराया गया और अब पुलिस चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही है. स्कूल ने क्लियर कहा कि जब तक पुलिस ‘सब ठीक है’ का सिग्नल नहीं दे देती, तब तक क्लासेज दोबारा शुरू नहीं होंगी.
यह भी पढ़ेंः इश्क, ठगी और महंगे गिफ्ट: वैलेंटाइन वीक में डेटिंग ऐप्स के जरिए लगा रहे लाखों की चपत

नहीं है पहला मामला
हैरानी की बात ये है कि इस हफ्ते का ये पहला मामला नहीं है. अभी सोमवार को ही दिल्ली के करीब 13 स्कूलों को इसी तरह के डरावने ईमेल मिले थे. पुलिस की जांच में सामने आया कि ‘जैकरी जेनकिंस’ नाम के यूजर ने ये ईमेल भेजे थे, जिसमें खालिस्तान नेशनल आर्मी का जिक्र किया गया था. इस ईमेल में अफजल गुरु की याद में दिल्ली को खालिस्तान बनाने और संसद पर हमले तक की अजीबोगरीब धमकियां दी गई थीं. हालांकि, जांच के बाद वो सभी धमकियां सिर्फ एक अफवाह साबित हुईं.
निशाने पर पंजाब भी
वैसे, दिल्ली ही नहीं, पंजाब के चंडीगढ़ और मोहाली में भी पिछले कुछ दिनों से स्कूलों को निशाना बनाया जा रहा है. मंगलवार को चंडीगढ़ के 10 स्कूलों को धमकी मिली, तो बुधवार सुबह मोहाली के 18 स्कूलों में भी ईमेल के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश की गई. ये ईमेल ठीक उस टाइम भेजे जा रहे हैं जब स्कूल खुलने वाले होते हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा अफरा-तफरी मचे.
भले ही अब तक की सभी धमकियां झूठी निकली हों, लेकिन प्रशासन कोई रिस्क नहीं लेना चाहता. पुलिस साइबर सेल अब इन ईमेल के असली मास्टरमाइंड को ढूंढ़ने में जुटी है. पेरेंट्स के लिए सलाह यही है कि घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क जरूर रहें.
यह भी पढ़ेंः बॉम्बे HC की कड़ी चेतावनी: यही हाल रहा तो मुंबई की सड़कों पर पैदल चलने की भी नहीं बचेगी जगह
News Source: Press Trust of India (PTI)
