Iran-Israel War : ईरान और इजरायल के बीच जारी जंग पूरे मिडिल ईस्ट में फैल गई है. इसी बीच इजरायल ने लेबनान और बेरूत पर हमले किए हैं. इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई है.
Iran-Israel War : ईरान और इजरायल युद्ध की वजह से मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है. एक तरफ जहां ईरान मिडिल ईस्ट के देशों में अमेरिकी सैन्य अड्डों और इजरायली ठिकानों को निशाना बनाया है. वहीं, इजरायल ने लेबनान और बेरूत पर जमकर हमले किए हैं. इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई है. दूसरी तरफ इजरायली अधिकारियों ने बताया कि ये हमले ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की कुर्द फोर्स से जुड़े कमांडरों को निशाना बनाकर किए गए हैं.
विलवणीकरण संयंत्र को बनाया निशाना
वहीं, बहरीन ने भी ईरान पर ड्रोन से विलवणीकरण संयंत्र (Desalination Plant) को निशाना बनाकर नुकसान पहुंचाने का काम किया है. इसकी जानकारी खुद बहरीन ने रविवार को दी. साथ ही 9 दिनों के युद्ध के दौरान किसी अरब देश द्वारा ईरान के किसी विलवणीकरण संयंत्र को निशाना बनाने की घटना की जानकारी देने का यह पहला मामला है. फारस की खाड़ी के तट पर सैकड़ों विलवणीकरण संयंत्र स्थित हैं और इस क्षेत्र के अरब देश पीने के पानी के लिए इन संयंत्रों पर बहुत अधिक निर्भर हैं.
तेल स्टोरेज पर देखीं गईं आग की लपटें
लेबनान से पहले इजरायल ने शनिवार को तेहरान के तेल स्टोरेज फैसिलिटी पर हमला किया था. तेल स्टोरेज फैसिलिटी पर हमले के बाद भीषण आग की लपटें देखी गईं. वहीं, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि दक्षिणी लेबनान में इजरायली हवाई हमलों में 12 लोगों की मौत हो गई है. साथ ही बेरूत में भी इजरायल ने ड्रोन से हमला किया है, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल बताए जा रहे हैं. ये मौतें शनिवार को इजरायली हमले में 47 लोगों के अलावा हुई हैं.
आखिरी सैनिक तक जंग लड़ेगा ईरान
वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने शनिवार को खाड़ी के देशों पर हमला करने को लेकर माफी मांगी है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि अब हमले नहीं किए जाएंगे और यह तब तक नहीं होगा जब तक उनकी धरती का इस्तेमाल ईरान को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं किया जाएगा. इसके अलावा पेजेशकियन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तेहरान से बिना शर्त सरेंडर करने की मांग को भी ठुकरा दिया. उन्होंने साफ कर दिया है कि ईरान आखिरी गोली और आखिरी सैनिक तक इस जंग तक लड़ेगा.
यह भी पढ़ें- 1965 के भारत-पाक युद्ध के हीरो रहे KG George का निधन, वीर चक्र से किए गए थे सम्मानित
