Crypto Scheme Fraud: महाराष्ट्र में युवक ने मल्टीलेवल मार्केटिंग के नाम पर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपए ठग लिए. युवक महज 10वीं पास था.
- मुंबई से Manish Singh की रिपोर्ट
Crypto Scheme Fraud: महाराष्ट्र में युवक ने मल्टीलेवल मार्केटिंग के नाम पर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपए ठग लिए. युवक महज 10वीं पास था. आरोपी देश छोड़कर थाईलैंड भागने की फिराक में था. इस दौरान सूचना पर मुंबई की दहिसर पुलिस ने आरोपी को अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने महज10 वीं पास होने के बावजूद एक मल्टीलेवल मार्केटिंग का सॉफ्टवेयर बनाया और दो हजार लोगों को करोड़ों का चूना लगा दिया. दहिसर पुलिस ने बड़ी साइबर ठगी का खुलासा किया है. पुलिस ने ‘bitxstacking.com’ नाम की कथित क्रिप्टो निवेश स्कीम चलाकर करोड़ों रुपये हड़पने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई 27 फरवरी को की गई. पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है. बाकी 8 अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है.
SJAB Digital Solution के जरिए लगाई चपत
दहिसर पुलिस ने बताया कि SJAB Digital Solution LLP कंपनी के नाम पर निवेशकों को ऊंचे और त्वरित रिटर्न का झांसा दिया गया. आरोपी ICICI और YES बैंक में निवेश की रकम जमा कराते थे. शुरुआती कुछ निवेशकों को मुनाफा देकर भरोसा बनाया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों से मोटी रकम निवेश करवाई गई. जांच में सामने आया कि वर्ष 2021 से 2022 के बीच इस स्कीम के जरिए 18 निवेशकों से कुल 1,16,42,860 रुपये की ठगी की गई. वहीं, पूरे नेटवर्क में करीब 2000 से अधिक निवेशकों को जोड़कर लगभग 6 करोड़ 50 लाख रुपये हड़प लिए गए. जब निवेशकों ने रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने स्कीम बंद कर दी और संपर्क तोड़ दिया. मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान सुजीत शंकरराव जाधव (48 वर्ष) के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के सतारा का निवासी है.
यूट्यूब देखकर बनाया सॉफ्टवेयर
आरोपी पढ़ाई करने के बाद बेरोजगार था. इस दौरान उसका एक्सीडेंट हो गया था. डॉक्टर ने आरोपी को बेडरेस्ट का आदेश दिया था. उसी दरम्यान आरोपी ने मोबाइल की मदद से यूट्यूब पर सॉफ्टवेयर बनाने का जानकारी ली और धीरे- धीरे पूरे सॉफ्टवेयर को डेवलप कर दिया. उसी सॉफ्टवेयर के जरिए आरोपी ने जल्द ज्यादा मुनाफा देने का वादा करके सैकड़ों लोगों को जोड़कर करोड़ों रुपए इन्वेस्ट करा दिया. जब करोड़ों रुपए बैंक खाते में जमा हो गए तो आरोपी ने अपना संपर्क लोगों से तोड़ दिया . पुलिस ने आरोपी को अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया. जांच में यह भी सामने आया है कि ठगी की रकम से अहमदाबाद में संपत्ति खरीदी गई थी, जिसे अब जब्त कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420, 34 तथा महाराष्ट्र निवेशकों के हितों का संरक्षण अधिनियम, 1999 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
ये भी पढ़ेंः UP के पीलीभीत में महिला ने तीन तलाक का लगाया आरोप, थाने में कराई शिकायत दर्ज; कही ये बात
