Mirzapur Accident: उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जिले में भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई. हादसे पर पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है.
Mirzapur Accident: उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जिले में भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई. हादसे पर पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है. मोदी ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा की है. हादसा मिर्ज़ापुर जिले के ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार रात हुआ. मुख्यमंत्री योगी ने इस घटना में जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने अत्यंत दुखद और हृदय विदारक घटना बताया है.
टक्कर के बाद कार में लगी आग
बताया जाता है कि ट्रक ड्रमंडगंज घाटी से लसोड़ा की ओर जा रहा था. इस दौरान ट्रक का ब्रेक फेल हो गया. जिससे चालक का ट्रक से नियंत्रण खत्म हो गया और उसने वहां से गुजर रहे कई वाहनों में टक्कर मार दी. हादसे में च्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई. पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि दुर्घटना की सूचना बुधवार रात करीब 8.30 बजे मिली. इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया. हादसा इतना भयावह था कि ब्रेक फेल हुए ट्रक ने पहले कार को कुचला, इसके बाद आगे चल रहे ट्रक में टक्कर मारी, फिर एक अन्य कार में भी टक्कर मारी, जिससे कार में आग लग गई.
मृतकों में तीन एमपी के
एसपी ने कहा कि पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला. अब तक 11 लोगों की मौत की सूचना है. जिला मजिस्ट्रेट पवन गंगवार ने पीटीआई को बताया कि मारे गए लोगों में से सात मिर्ज़ापुर जिले, तीन मध्य प्रदेश, जबकि एक पड़ोसी सोनभद्र जिले का था. मिर्ज़ापुर के जिगना क्षेत्र के मृतकों में शिव सिंह (8), सोनम सिंह (9), पीयूष सिंह (14), पंकज सिंह (40), वंदना सिंह (43), विष्णु सिंह (45) और वीणा सिंह (47) शामिल हैं. अधिकारियों ने कहा कि अन्य मृतकों में मध्य प्रदेश के सतना के कार्तिकेय सिंह (18), प्रियंका सिंह (42) और सागर के विकास शर्मा (32) हैं. इसके अलावा मृतकों में सोनभद्र के जय प्रकाश (27) भी शामिल हैं.
घायलों के उचित इलाज का निर्देश
दुर्घटना में शामिल वाहनों में बिहार पंजीकरण वाला एक ट्रक और मध्य प्रदेश में पंजीकृत एक ट्रक शामिल है. कारों में से एक सोनभद्र जिले से थी और दूसरी मिर्ज़ापुर से. गुरुवार सुबह एक्स पर एक पोस्ट में योगी ने कहा कि मिर्ज़ापुर में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत बेहद दुखद और हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. उन्होंने कहा कि घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं. डीएम गंगवार ने कहा कि पीड़ितों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है. पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है.
ये भी पढ़ेंः केरल में बड़ा हादसा: पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 8 की मौत, कई गंभीर, अस्पतालों में अलर्ट जारी
News Source: PTI
