Home Latest News & Updates थारू समाज को बड़ी राहत: सपा सरकार में दर्ज सभी मुकदमे होंगे वापस, मिट्टी में मिलने को तैयार रहें माफिया

थारू समाज को बड़ी राहत: सपा सरकार में दर्ज सभी मुकदमे होंगे वापस, मिट्टी में मिलने को तैयार रहें माफिया

by Rajeev Ojha
0 comment
थारू समाज को बड़ी राहत: सपा सरकार में दर्ज हुए सभी मुकदमे होंगे वापस, मिट्टी में मिलने को तैयार रहें माफिया

Yogi in Lakhimpur: मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार को लखीमपुर खीरी के लोगों को बड़ी सौगात दी. संघर्ष करने वाले थारू समाज के जिन लोगों पर सपा सरकार ने मुकदमे दर्ज किए थे, हमारी सरकार उन सारे मुकदमों को वापस लेगी.

Yogi in Lakhimpur: मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार को लखीमपुर खीरी के लोगों को बड़ी सौगात दी. महात्मा ज्योतिबा फुले व महाराणा सांगा के जन्मदिवस के एक दिन पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जनपद में माफिया पालने वाली अपराधियों की सरकार महाराणा प्रताप व महाराणा सांगा के वंशजों पर अत्याचार और झूठे मुकदमे दर्ज करती थी. संघर्ष करने वाले थारू समाज के जिन लोगों पर सपा सरकार ने मुकदमे दर्ज किए थे, हमारी सरकार उन सारे मुकदमों को वापस लेगी. अब आप पर कोई अत्याचार नहीं कर पाएगा, क्योंकि डबल इंजन सरकार साथ खड़ी है. सरकार आपके संघर्ष को सम्मान दे रही है. इसके साथ ही सीएम ने फिर चेताया कि माफिया बनने का प्रयास करने वाले मिट्टी में मिलने की तैयारी भी कर लें. सरकार किसी माफिया को पनपने, गरीबों का हक छीनने और नौजवानों की नौकरी पर डकैती नहीं डालने देगी.

817 करोड़ रुपये की सौगात

मुख्यमंत्री ने चंदन चौकी (पलिया) में आयोजित कार्यक्रम में नदियों द्वारा भूमि क्षरण से प्रभावित पूर्वी उत्तर प्रदेश के 2350 परिवारों व थारू जनजाति के 4356 परिवारों को भौमिक अधिकार पट्टों का आवंटन किया. साथ ही पलिया, श्रीनगर, निघासन व गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्रों की 817 करोड़ रुपये की 314 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया. सीएम ने थारू जनजाति के कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति देखी और अपनी संस्कृति को बचाकर रखने के लिए उनकी सराहना भी की. मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्चा शासन वही है, जहां प्रजा सुखी हो. जनता के कल्याण में शासन का कल्याण है. शासन की खुशी का आधार व्यक्तिगत अभिलाषा का पूर्ण होना नहीं, बल्कि जनता-जनार्दन की खुशी है. यह कार्य तभी होता है, जब सत्ता में संवेदना होती है और सेवा के माध्यम से यह जनता जनार्दन तक पहुंचती है.

डबल इंजन सरकार में थारू समाज को मिली पहचान

सीएम ने कहा कि पूर्वी उप्र के स्वाधीनता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को यहां बसाया गया था. आपकी तीन-तीन पीढ़ियां चली गईं, लेकिन कभी हक नहीं मिल पाया. दशकों की अधूरी यात्रा आज पुनर्वास कार्यक्रम के साथ बढ़ रही है. जब जनता और सरकार के बीच में विश्वास का सेतु बनता है तो वही विश्वास अधिकार बनकर धरातल पर उतरता है. चंदन चौकी इस जनपद का गौरव है. यहां वनवासी संस्कृति की जड़ें, स्वाभिमान और तराई की उर्वरता साथ फलती-फूलती है. चंदन चौकी व आसपास दर्जनों थारू बाहुल्य गांव हैं, जो पहचान के लिए मोहताज थे. कभी वन, पुलिस व राजस्व विभाग द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जाता था. शौर्य व वीरता के साथ अपने इतिहास को जोड़ने वाला थारू समाज पहले पहचान के लिए मोहताज था, लेकिन आज उसे अधिकार पत्र मिल रहा है और यही डबल इंजन सरकार की ताकत और स्पीड है.

पिछली सरकारों पर जमकर बरसे

सीएम ने कई दशकों से इन लोगों की सुनवाई न होने पर पिछली सरकारों को जमकर आड़े हाथ लिया. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में संवेदना का अभाव था. ये लोग परिवारवाद से ऊपर उठते तो थारू व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों के बारे में सोच पाते, लेकिन समाज को बांटने व संसाधनों पर डकैती डालने वालों से अधिकार मिलने की उम्मीद करना बेमानी है. उन्होंने कर्फ्यू थोपे, माफिया-गुंडे पाले और नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया, लेकिन जिस जमीन पर आप खेती करते हैं, आपकी फसल लहलहाती है. जिस जमीन पर आपने सपने बोए थे, उसे आकार देने के लिए डबल इंजन सरकार खड़ी है. सीएम ने कहा कि पहले विकास सिर्फ सैफई में होता था. एक परिवार ही सब कुछ हजम कर जाता था, लेकिन भाजपा के लिए 25 करोड़ की आबादी ही परिवार है.

कहा- हर जनपद में समान विकास

कहा कि हर जनपद में समान विकास हो रहा है. हर ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के माध्यम से ‘जहां जिसका घर, वहां उसका अधिकार’ उपलब्ध कराया जा रहा है. अब जमीन, नाम, सम्मान और पहचान भी मिल रही है. अब अधिकार के साथ विकास की धारा को बढ़ाने की पहल भी होती है. इस अवसर पर सीएम ने विधायक रोमी साहनी की मांगों को लिखित में शासन को भेजने के लिए कहा. सीएम ने उनसे यह भी कहा कि बेकरी व्यवसाय को चंदन चौकी और आसपास के क्षेत्र में विस्तार दीजिए, जिससे थारू समाज द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों को साथ जोड़कर आपकी बेकरी के उत्पाद तराई क्षेत्र के साथ-साथ उत्तराखंड भी भेजे जा सकें.

किसानों को मिलेगा मुआवजा

सीएम योगी ने कहा कि असमय ओलावृष्टि व अतिवृष्टि के कारण किसानों को भारी क्षति हुई है. हमने जल्द ही सर्वे रिपोर्ट मांगी है. पीड़ित किसानों को फसल बीमा योजना, आपदा राहत कोष से पैसा उपलब्ध कराएंगे. जनहानि, पशुहानि होने पर 24 घंटे में सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया गया है. अग्निकांड में फसल नुकसान होने पर मंडी समिति द्वारा तत्काल मुआवजा, घर जलने या आंधी-तूफान से नष्ट होने पर मुख्यमंत्री आवास योजना से आवास दिलाने को कहा गया है. संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ खड़ी है. समारोह में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, वन व पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, विधायक हरविंदर साहनी ‘रोमी’, मंजू त्यागी, अमन गिरि, शशांक वर्मा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी देवी गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता आदि मौजूद रहे.

ये भी पढ़ेंः UP: गाजियाबाद की बदलेगी सूरत, योगी ने दी 2200 करोड़ के प्रोजेक्ट को हरी झंडी; जानें क्या-क्या बनेगा

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?