Home Top News आजादी के बाद बंगाल को मिला पहला भाजपा CM, शुभेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

आजादी के बाद बंगाल को मिला पहला भाजपा CM, शुभेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

by Amit Dubey
0 comment
Suvendu Adhikari

Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी ने शपथ ले ली है. वहीं, दिलीप घोष समेत कई नेताओं ने बंगाल के मंत्री के रूप में शपथ ली है.

Suvendu Adhikari: देश की आजादी के बाद पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बन गई है. राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. उन्हें राज्यपाल आर. एन. रवि ने मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. वहीं, भाजपा के विधायक दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशिथ प्रमाणिक और खुदीराम टुडू ने मंत्री के रूप में शपथ ली. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे.

‘सोनार बांग्ला’ युग का आधिकारिक पर शुभारंभ

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले शुभेंदु अधिकारी ने ‘सोनार बांग्ला’ युग के आधिकारिक तौर पर शुभारंभ होने की बात कही थी. उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “सचमुच, पश्चिम बंगाल के लिए यह एक ऐतिहासिक सुबह है.” उन्होंने आगे लिखा, “आज, जब हम स्वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल में पहली बार बनी भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बन रहे हैं, तो हम अपने राष्ट्र निर्माताओं के सपनों को साकार कर रहे हैं. आज दशकों के कुशासन का अंत हो रहा है, और विकास, शांति तथा समृद्धि के ‘डबल इंजन’ वाले युग की शुरुआत हो रही है. ‘सोनार बांग्ला’ के युग का आधिकारिक तौर पर शुभारंभ हो गया है.”

भगवा कुर्ता पहन ली सीएम पद की शपथ

भाजपा और भगवा का अपना एक अलग ही खास संबंध रहा है. वह इससे अपनी राजनीतिक विचारधारा और हिंदुत्व को दर्शाती रही है. भगवा कई बार भाजपा की अपनी पहचान भी रहा है. आज शुभेंदु अधिकारी भी भगवा रंग में रंगे दिखे. उन्होंने भगवा कुर्ता पहनकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

वहीं, आज गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है. इस अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत गुरुदेव टैगोर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करके की गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने गुरुदेव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया.

लगातार दूसरी बार ममता को शुभेंदु ने हराया

बीते दिनों पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव हुए थे. इसके नतीजे 4 मई 2026 को आए. बंगाल के इस चुनावी नतीजे ने प्रदेश में एक बड़ा सत्ता परिवर्तन का फैसला किया. पश्चिम बंगाल में करीब 15 वर्षों से सत्ता में रही टीएमसी और सीएम ममता बनर्जी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा, वहीं, बीजेपी बहुमत (148) से भी अधिक सीटों पर जीत हासिल कर राज्य में अपनी पहली सरकार बनाने के लिए कामयाब हुई.

293 सीटों में से भाजपा को कुल 207 सीटों पर जीत मिली है, जबकि ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को मात्र 80 सीटों पर ही जीत मिल सकी. इस चुनाव में कांग्रेस को मात्र 2 सीटें और बाकी सीटें अन्य दलों को मिली हैं. इस चुनाव में ममता बनर्जी खुद अपनी सीट भी नहीं बचा पाईं. टीएमसी का गढ़ माना जाने वाला भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से ममता बनर्जी को भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने करीब 15 हजार से अधिक वोटों से हराया. भवानीपुर के अलावा शुभेंदु ने नंदीग्राम विधानसभा से भी जीत हासिल की थी, जहां पिछले विधानसभा चुनाव (2021 में) में उन्होंने सीएम ममता बनर्जी को हराया था. ऐसे में आप कह सकते हैं कि शुभेंदु ने ममता को लगातार दूसरी बार हराया.

यह भी पढ़ें: योगी सरकार में युवा बन रहे समृद्ध उत्तर प्रदेश की नई ताकत, 4.40 लाख युवाओं को मिला रोजगार

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?