Home Top News ‘युद्ध के अंत की शुरुआत’, रूस और यूक्रेन के बीच 3 दिनों का सीजफायर, ट्रंप ने किया बड़ा ऐलान

‘युद्ध के अंत की शुरुआत’, रूस और यूक्रेन के बीच 3 दिनों का सीजफायर, ट्रंप ने किया बड़ा ऐलान

by Amit Dubey 9 May 2026, 7:31 AM IST (Updated 9 May 2026, 4:14 PM IST)
9 May 2026, 7:31 AM IST (Updated 9 May 2026, 4:14 PM IST)
Russia Ukraine War

Russia-Ukraine War: ट्रंप ने कहा कि इस सीजफायर में सभी तरह की सैन्य गतिविधियों पर रोक शामिल होगी. साथ ही दोनों देशों के बीच 1,000-1,000 कैदियों की अदला-बदली भी होगी.

Russia-Ukraine War: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है. बीते करीब चार वर्षों से अधिक समय से रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को 3 दिनों के लिए रोक दिया गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने ऐलान किया है कि उनके अनुरोध पर रूस और यूक्रेन के शीर्ष नेताओं ने तीन दिनों के लिए सीजफायर यानी कि युद्धविराम पर सहमति जताई है. इसके साथ ही उन्होंने एक-दूसरे देशों के कैदियों के आदान-प्रदान पर भी हामी भरी है. ट्रंप ने कहा कि शत्रुता का ऐसा विराम रूस और यूक्रेन के बीच जारी लंबे समय से युद्ध के ‘अंत की शुरुआत’ हो सकता है.

वहीं, युद्धविराम के इस समझौते पर रूस के प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) और यूक्रेन के प्रेसिडेंट वोलोडिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) के विदेश मामलों के सलाहकारों ने पुष्टि की है.

सीजफायर के लिए पुतिन-जेलेंस्की मान गए- ट्रंप

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को वर्जीनिया स्थित अपने गोल्फ क्लब में डिनर के लिए व्हाइट हाउस से रवाना होते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मैंने पूछा और राष्ट्रपति पुतिन सहमत हो गए. राष्ट्रपति जेलेंस्की भी तुरंत मान गए. अब हमारे पास कुछ ऐसा है जब वे लोगों को नहीं मारेंगे. यह बहुत अच्छी बात है.”

शनिवार से सोमवार तक के लिए सीजफायर – ट्रंप

शुक्रवार को ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर ऐलान किया कि रूस और यूक्रेन के बीच सीजफायर शनिवार से सोमवार तक जारी रहेगा. बता दें कि शनिवार को रूस में विजय दिवस भी है, जो द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर जीत की याद में मनाया जाता है.
ट्रंप ने अपने ट्रूथ सोशल पोस्ट में कहा, “मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में तीन दिनों का सीजफायर (9,10 और 11 मई) होगा. रूस में यह जश्न ‘विक्ट्री डे’ (विजय दिवस) के लिए है, लेकिन इसी तरह यूक्रेन में भी, क्योंकि वे भी दूसरे विश्व युद्ध का एक बड़ा हिस्सा और अहम कारक थे. इस सीजफायर में सभी तरह की सैन्य गतिविधियों पर रोक शामिल होगी और साथ ही दोनों देशों के बीच 1,000-1,000 कैदियों की अदला-बदली भी होगी. यह अनुरोध सीधे मैंने किया था और मैं राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की द्वारा इस पर सहमति जताने की बहुत सराहना करता हूं.”

उन्होंने आगे लिखा, “उम्मीद है कि यह एक बहुत लंबे, जानलेवा और कड़े संघर्ष वाले युद्ध के अंत की शुरुआत है. इस बड़े संघर्ष को खत्म करने के लिए बातचीत जारी है—जो दूसरे विश्व युद्ध के बाद का सबसे बड़ा संघर्ष है—और हम हर गुजरते दिन के साथ इसके समाधान के और करीब पहुंच रहे हैं.”

यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ASEAN नेता हुए सक्रिय, संकट से उभरने के लिए बनाई योजना

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?