Home Top News आज से बंगाल में भाजपा राज का ‘सूर्योदय’, शुभेंदु अधिकारी लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

आज से बंगाल में भाजपा राज का ‘सूर्योदय’, शुभेंदु अधिकारी लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

by Amit Dubey
0 comment
Suvendu Adhikari

Suvendu Adhikari: चुनाव में ममता बनर्जी खुद अपनी सीट भी बचाने में असफल रहीं. भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से ममता बनर्जी को भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने करीब 15 हजार से अधिक वोटों से हराया.

Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता का ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड आज एक और इतिहास का साक्षी बनने जा रहा है. जी हां, आजादी के बाद पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी सरकार बनाने जा रही है. इसे बंगाल में भाजपा राज का ‘सूर्योदय’ भी कहा जा रहा है. आज गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है. इस खास दिन पर बंगाल में बीजेपी विधायक दल के चुने गए नेता शुभेंदु अधिकारी राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं.

मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम भाजपा-एनडीए शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में पहले भाजपा के सीएम के रूप में शपथ लेंगे. शपथ समारोह का शुभारंभ आज 11 बजे से होगा. इस खास मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी मौजूद रहेंगे.

अमित शाह ने शुभेंदु के नाम का किया था ऐलान

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ मीटिंग की थी. इस बैठक में विधायक दल के नेता के रूप में शुभेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगी थी. शाह ने बैठक के बाद कहा था कि आठ प्रपोजल मिले थे और उन सभी में सिर्फ एक नाम था. दूसरे नाम के लिए काफी समय दिया गया था, लेकिन कोई दूसरा नाम प्रपोज नहीं किया गया. उन्होंने आगे कहा, “इसलिए मैं शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री घोषित करता हूं.”

‘सोनार बांग्ला’ के युग का आधिकारिक शुभारंभ- शुभेंदु

शपथ ग्रहण समारोह से पहले शुभेंदु अधिकारी ने अपने आधिकारी एक्स हैंडल पर एक पोस्ट करके ‘सोनार बांग्ला’ युग के आधिकारिक तौर पर शुभारंभ की बात कही है. उन्होंने पीएम मोदी की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, “सचमुच, पश्चिम बंगाल के लिए यह एक ऐतिहासिक सुबह है. ‘सिटी ऑफ जॉय’ में दूरदर्शी नेता, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का स्वागत करना हमारे लिए अत्यंत गर्व और उल्लास का क्षण है. आज, जब हम स्वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल में पहली बार बनी भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बन रहे हैं, तो हम अपने राष्ट्र निर्माताओं के सपनों को साकार कर रहे हैं. आज दशकों के कुशासन का अंत हो रहा है, और विकास, शांति तथा समृद्धि के ‘डबल इंजन’ वाले युग की शुरुआत हो रही है.”

उन्होंने आगे लिखा, “‘सोनार बांग्ला’ के युग का आधिकारिक तौर पर शुभारंभ हो गया है. स्वागत है, प्रधानमंत्री जी.”

बीजेपी ने 207 सीटों पर दर्ज की है जीत

बीते दिनों पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव हुए थे. इसके नतीजे 4 मई 2026 को आए. बंगाल के इस चुनावी नतीजे ने प्रदेश में एक बड़ा सत्ता परिवर्तन का फैसला किया. पश्चिम बंगाल में करीब 15 वर्षों से सत्ता में रही टीएमसी और सीएम ममता बनर्जी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा, वहीं, बीजेपी बहुमत से भी अधिक सीटों पर जीत हासिल कर राज्य में अपनी पहली सरकार बनाने के लिए कामयाब हुई.

293 सीटों में से भाजपा को कुल 207 सीटों पर जीत मिली है, जबकि ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को मात्र 80 सीटों पर ही जीत मिल सकी. इस चुनाव में कांग्रेस को मात्र 2 सीटें और बाकी सीटें अन्य दलों को मिली हैं. इस चुनाव में ममता बनर्जी खुद अपनी सीट भी बचाने में असफल रहीं. टीएमसी का अपना गढ़ माना जाने वाला भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से ममता बनर्जी को भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने करीब 15 हजार से अधिक वोटों से हराया.

यह भी पढ़ें: योगी सरकार में युवा बन रहे समृद्ध उत्तर प्रदेश की नई ताकत, 4.40 लाख युवाओं को मिला रोजगार

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?