Home Latest News & Updates UP इंटरनेशनल ट्रेड शो: ग्रेटर नोएडा में सजेगा मुरादाबाद का संसार, 78 स्टॉलों पर दिखेगी पीतल के उत्पादों की चमक

UP इंटरनेशनल ट्रेड शो: ग्रेटर नोएडा में सजेगा मुरादाबाद का संसार, 78 स्टॉलों पर दिखेगी पीतल के उत्पादों की चमक

by Rajeev Ojha 19 September 2026, 5:31 PM IST
19 September 2026, 5:31 PM IST
UP इंटरनेशनल ट्रेड शो: ग्रेटर नोएडा में सजेगा मुरादाबाद का संसार, 78 स्टॉलों पर दिखेगी पीतल के उत्पादों की चमक और नए हुनर की धमक

Trade Show: पीतल नगरी के हस्तशिल्प, मेटल आर्टवेयर और स्थानीय दस्तकारी को अंतरराष्ट्रीय पटल पर सीधे नए बाजार और खरीदार दिलाने के लिए खाका तैयार हो चुका है. ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले चौथे ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो’ में मुरादाबाद जनपद से कुल 78 कारोबारी, नए व स्थापित निर्यातक, महिला एवं युवा उद्यमी और ओडीओपी दस्तकार अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराएंगे.

जुटेंगे 4.50 लाख से अधिक उपभोक्ता

संयुक्त आयुक्त उद्योग, मुरादाबाद योगेश कुमार ने बताया कि 1,10,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल में लगने वाले इस महाआयोजन में देश-दुनिया से करीब 1.50 लाख बिजनेस खरीदार और 4.50 लाख से अधिक आम उपभोक्ता जुटेंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की निर्यात प्रोत्साहन नीति, एमएसएमई नीति और ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के तहत यह वैश्विक मंच मुरादाबाद के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधे जोड़कर स्थानीय कारोबार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.

युवा पीढ़ी बनेगी ग्लोबल सप्लायर

ट्रेड शो के ले-आउट के अनुसार, इस बार सबसे क्रांतिकारी बदलाव नए निर्यातकों के रूप में सामने आया है. पहली बार सीधे विदेशी खरीदारों के सामने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने जा रहे नए कारोबारियों के लिए तय हॉल नंबर 14 (न्यू एक्सपोर्टर्स) में अकेले मुरादाबाद के 42 नए निर्यातकों ने अपने स्टॉल सुरक्षित कराए हैं. संयुक्त आयुक्त उद्योग के अनुसार, यह भागीदारी दर्शाती है कि शहर की नई पीढ़ी अब सिर्फ बिचौलियों या बड़े घरानों पर निर्भर रहने के बजाय सीधे वैश्विक आपूर्ति शृंखला (ग्लोबल सप्लाई चेन) का हिस्सा बनने को तैयार है. इसके साथ ही, हॉल नंबर 15 (रेगुलर एक्सपोर्टर्स) में मुरादाबाद के 14 बड़े और स्थापित निर्यातक विदेशी बायर्स के साथ पहले से चल रहे अनुबंधों को विस्तार देंगे और बड़े वॉल्यूम के ऑर्डर हासिल करेंगे.

स्टॉलों पर दिखेगी युवा व महिला शक्ति

ट्रेड शो में जमीनी स्तर के दस्तकारों, छोटे निर्माताओं और स्टार्टअप्स को भी विशिष्ट स्थान दिया गया है. मुरादाबाद के विश्वविख्यात ब्रास व मेटल क्राफ्ट के लिए हॉल नंबर 09 (ओडीओपी उत्पाद) में 12 स्टॉल आवंटित किए गए हैं, जहां पारंपरिक शिल्पी अपनी नक्काशी और कारीगरी का लाइव प्रदर्शन करेंगे. वहीं, हॉल नंबर 10 (एमएसएमई, महिला एवं युवा उद्यमी) में मुरादाबाद के 10 स्टॉल बुक हुए हैं. इस हॉल में आधुनिक तकनीकों, नए इनोवेटिव उत्पादों और महिला व युवा उद्यमियों द्वारा शुरू किए गए स्टार्टअप्स को जगह दी गई है. इस प्रकार चारों श्रेणियों (12 ओडीओपी + 10 एमएसएमई/महिला/युवा + 42 न्यू एक्सपोर्टर्स + 14 रेगुलर एक्सपोर्टर्स) को मिलाकर शहर से कुल 78 प्रतिनिधि वैश्विक मंच पर अपनी छाप छोड़ेंगे.

चार पार्टनर देश और 1.10 लाख वर्ग मीटर का भव्य आकार

प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह चौथा संस्करण अब तक का सबसे बड़ा आयोजन बनने जा रहा है. एक्सपो में रूस, सिंगापुर, वियतनाम और ऑस्ट्रिया ‘पार्टनर कंट्री’ (साझीदार देश) के तौर पर हिस्सा ले रहे हैं. पूरे आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे, जिसमें हैंडीक्राफ्ट के साथ-साथ ओडीओसी (एक जनपद एक व्यंजन), रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), टेक्सटाइल और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे आधुनिक सेक्टरों की झलक दिखेगी. संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, जापान और यूरोपीय देशों से आ रहे अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल और बड़े कॉर्पोरेट रिटेलर्स की मौजूदगी मुरादाबाद के कारोबारियों को बहुराष्ट्रीय कंपनियों से सीधे जोड़ेगी.

मुरादाबाद के पीतल उद्योग और कारीगरों को मिलेगा सीधा आर्थिक बूस्ट

इस अंतरराष्ट्रीय एक्सपो से मुरादाबाद के आर्थिक परिदृश्य को बड़ा लाभ पहुंचेगा. सीधे विदेशी बायर्स और अंतरराष्ट्रीय रिटेल चेन्स से जुड़ने से बीच के बिचौलियों का कमीशन खत्म होगा, जिससे कारखानों से लेकर जमीनी दस्तकारों तक को अपने उत्पादों का पूरा और उचित मूल्य मिल सकेगा. शहर के छोटे कारखानों और ढलाई इकाइयों को नए एक्सपोर्ट ऑर्डर मिलने से स्थानीय स्तर पर हजारों कारीगरों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार ने बताया कि इस ऐतिहासिक मौके का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों, व्यापारिक संगठनों और उद्योग बंधु बैठकों के माध्यम से व्यापक प्रचार किया जा रहा है, ताकि शहर का हर वर्ग आधिकारिक पोर्टल (upinternationaltradeshow.com) के जरिए इस वैश्विक महाकुंभ से जुड़ सके.

‘6 महीने में 1 लाख सरकारी नौकरियां’, CM योगी का बड़ा ऐलान; पुलिस-होमगार्ड में 77 हजार भर्ती से होगी शुरुआत

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?